'मैं आईआईटी रुड़की में बोल रहा था', शिक्षा मंत्रालय की नाराजगी के बाद सैम पित्रोदा ने दी सफाई

सैम पित्रोदा ने दावा किया था कि आईआईटी रांची में छात्रों को संबोधित करते हुए यह घटना घटी। जिस पर शिक्षा मंत्रालय ने नाराजगी जाहिर की थी। 

Friday, February 28, 2025 - 09:40
0
'मैं आईआईटी रुड़की में बोल रहा था', शिक्षा मंत्रालय की नाराजगी के बाद सैम पित्रोदा ने दी सफाई

नई दिल्ली (आरएनआई) केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय की नाराजगी के बाद कांग्रेस की विदेश शाखा के प्रमुख सैम पित्रोदा ने सफाई दी है कि वे आईआईटी रुड़की में आयोजित कार्यक्रम में बोल रहे थे, जब उनके भाषण के तुरंत बाद अश्लील कंटेंट स्क्रीन पर चलना शुरू हो गया था। दरअसल पूर्व में सैम पित्रोदा ने दावा किया था कि आईआईटी रांची में छात्रों को संबोधित करते हुए यह घटना घटी। जिस पर शिक्षा मंत्रालय ने नाराजगी जाहिर की थी। 

बुधवार रात में शिक्षा मंत्रालय ने एक बयान जारी कहा था कि 'यह स्पष्ट किया जाता है कि रांची में कोई आईआईटी नहीं है। ऐसे में वीडियो में किया गया दावा न सिर्फ आधारहीन है बल्कि अज्ञानता पूर्ण भी है। यह बताना प्रासंगिक है कि रांची में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ इंफोर्मेशन टेक्नोलॉजी (IIIT) है। आईआईआईटी, रांची ने भी पुष्टि की है कि उन्होंने सैम पित्रोदा को किसी सम्मेलन, सेमिनार में भाषण देने के लिए आमंत्रित नहीं किया था।' शिक्षा मंत्रालय ने कहा कि 'एक प्रतिष्ठित संस्थान की छवि को धूमिल करने लिए कानूनी कार्रवाई हो सकती है।'

शिक्षा मंत्रालय की नाराजगी के बाद गुरुवार को सैम पित्रोदा ने सफाई दी और सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा कर लिखा कि 'मुझे आईआईटी रुड़की में बोलने के लिए आमंत्रित किया गया था। यह कार्यक्रम 1 फरवरी 2025 को आयोजित हुआ था, जिसमें जूम कॉल के जरिए मैंने छात्रों और फैकल्टी को संबोधित किया। दुर्भाग्य से मेरा भाषण शुरू होने के कुछ मिनट बाद ही एक हैकर ने वीडियो कॉल को हैक कर लिया और स्ट्रीमिंग पर अश्लील कंटेंट चलने लगा। हमने तुरंत वीडियो कॉल को बंद किया और इवेंट को भी तुरंत खत्म कर दिया गया। यह बेहद परेशान करने वाला है कि ऐसी घटना हुई, खासकर एक शैक्षिक संस्थान में, जो सीखने और विकास की जगह है। साइबर सुरक्षा चिंता का विषय बनी हुई है और यह हमें याद दिलाता है कि डिजिटल सेफ्टी और निगरानी कितनी जरूरी है।'

इससे पहले एक वेबकास्ट के दौरान कांग्रेस नेता सैम पित्रोदा ने दावा किया था कि आईआईटी रांची में छात्रों से वर्चुअली बात करते हुए स्क्रीन पर अश्लील कंटेंट चलने लगा था। पित्रोदा के इस दावे पर काफी हंगामा हुआ था। जिस पर शिक्षा मंत्रालय ने बयान जारी कर पित्रोदा के दावे पर सवाल खड़े किए। हालांकि अब पित्रोदा ने सफाई दी है। 
 
Follow  RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User