मथुरा हादसा: 13 लोगों की दर्दनाक मौत, शवों को पहचानना हुआ मुश्किल, 17 बैग में लाए गए कंकाल और जले हुए टुकड़े
मथुरा (आरएनआई)। यमुना एक्सप्रेसवे पर मथुरा में मंगलवार तड़के घने कोहरे ने भीषण तबाही मचा दी। बलदेव थाना क्षेत्र के अंतर्गत 127 किलोमीटर माइलस्टोन के पास सुबह करीब 3:30 बजे हुए दर्दनाक सड़क हादसे में अब तक 13 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 100 से अधिक यात्री घायल बताए जा रहे हैं। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि कई शव बुरी तरह जल गए हैं, जिससे उनकी पहचान करना मुश्किल हो गया है। प्रशासन ने 17 बैग में कंकाल और जले हुए अवशेष एकत्र कर शिनाख्त की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
मंडल आयुक्त शैलेंद्र कुमार सिंह के अनुसार अब तक चार शवों की पहचान हो सकी है, जबकि शेष मृतकों की पहचान के लिए विशेष टीमें लगातार प्रयास कर रही हैं। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसे के समय कोहरा इतना घना था कि सड़क पर दृश्यता लगभग शून्य हो गई थी। इसी कारण एक के बाद एक सात बसें और तीन कारें आपस में टकरा गईं। टक्कर इतनी भीषण थी कि कई वाहनों में धमाके के साथ आग लग गई और देखते ही देखते आग की लपटों ने वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और यमुना एक्सप्रेसवे प्राधिकरण की टीमें मौके पर पहुंचीं। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया और वाहनों में फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल मथुरा और 100 शैय्या अस्पताल वृंदावन में भर्ती कराया गया है, जबकि गंभीर रूप से घायल यात्रियों को एसएन मेडिकल कॉलेज आगरा रेफर किया गया। वर्तमान में 38 घायल जिला अस्पताल में और 39 घायल बलदेव सीएचसी में उपचाराधीन हैं।
हादसे में घायल कानपुर निवासी अमन यादव ने बताया कि वह अपने साथियों के साथ कार से बांके बिहारी मंदिर के दर्शन के लिए जा रहे थे। घने कोहरे के कारण सामने कुछ भी दिखाई नहीं दे रहा था, तभी अचानक उनकी कार एक अन्य वाहन से टकरा गई और इसके बाद कई वाहन एक-दूसरे से भिड़ते चले गए। वहीं हमीरपुर की नसीमा ने बताया कि वह अपने पति के साथ मजदूरी के लिए पानीपत जा रही थीं। उनकी बस सामने से आ रही दूसरी बस से टकरा गई, जिसके बाद उसमें तेजी से आग लग गई। किसी तरह उनकी जान बच गई, लेकिन उनके पति गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद आगरा से नोएडा की ओर जाने वाले यमुना एक्सप्रेसवे पर लंबा जाम लग गया, जिसे यातायात पुलिस ने वैकल्पिक मार्गों से धीरे-धीरे सुचारू कराया। प्रशासन ने हादसे की जांच शुरू कर दी है और घायलों के समुचित इलाज के साथ मृतकों के परिजनों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



