बिना लागत रुपए कमाने की चाहत बनती साइबर ठगी की वजह: सीईओ
खागा, फतेहपुर (आरएनआई) खागा कस्बा के नई बाजार मुहल्ले में संचालित ग्लोबल स्किल कम्प्यूटर एकेडमी द्वारा एजूकेशनल सेमिनार में छात्र-छात्राओं व उपस्थित लोगों को कम्प्यूटर व रोजगारपरक शिक्षा के साथ ही साइबर अपराध से बचने के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। एज एजुकेशंस के सीईओ विवेक श्रीवास्तव ने कहा कि साइबर अपराध के मामलों में 80 प्रतिशत से अधिक हमारी लापरवाही होती है। बिना किसी को जाने-पहचाने हम उन्हें वह जानकारी साझा कर देते हैं, जिसके सहारे साइबर ठग हमारी गाढ़ी-कमाई बैंक खाते से उड़ा देता है। सेमिनार का शुभारंभ समाजसेवी अजय त्रिपाठी ने देवी-देवताओं के चित्र के सामने दीप प्रज्जवल से किया।
एज एजुकेशंस के सीईओ ने तेजी से बढ़ती एआई टेक्नोलाॅजी के बारे में कहा कि एआई के सहारे जो काम कभी कई दिनों में होता था, उसे हम कुछ मिनटों में करके समय के साथ ही अन्य संसाधनों की बचत करते हैं। महिलाओं के साथ होने वाले साइबर अपराधों के बारे में सीईओ ने बताया कि इंटरनेट प्लेटफार्म पर अनजान लोगों से दोस्ती बहुत हद तक ठगी का कारण बनती है। ऐसे में बिना जाने-पहचाने दोस्ती करने से बचना चाहिए। एक उदाहरण के माध्यम से सीईओ विवेक श्रीवास्तव ने समझाया कि हमारी असल जिंदगी में दोस्तों की संख्या जहां सीमित होती है, वहीं इंटरनेट प्लेटफार्म पर इनकी संख्या सैकड़ों में होती है। ग्लोबल स्किल कम्प्यूटर एकेडमी में अध्ययनरत व प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके युवा, युवतियों को ओ-लेवल, एडीसीए, ट्रिपल-सी व अन्य कोर्स के प्रमाण पत्र दिए गए। संस्था के बच्चों ने सेमिनार में सीखे गए कोर्स का प्रदर्शन किया। नए कोर्स कोडत्रिष्णा का प्रमोशन किया गया। जिसमें बताया गया कि इस कोर्स के माध्यम से युवा-युवतियों को शिक्षा के साथ ही कैंपस प्लेसमेंट की जिम्मेदारी ली जाती है। सेमिनार को वरिष्ठ पत्रकार ओमप्रकाश द्विवेदी, व्यापारी हरि गुप्ता, व्यापार मंडल गर्ग गुट के नगर अध्यक्ष प्रशांत केसरवानी आदि ने संबोधित किया। बच्चों ने सरस्वती वंदना, राधा-कृष्णा डांस, 19वीं सदी के गानों पर डांस, कैटवाॅक, रैंपवाॅक, हाॅरर डांस, मेकअप आर्टिस्ट शो के माध्यम से उपस्थित लोगों की तालियां बटोरी। कार्यक्रम के अंत में ग्लोबल स्किल कम्प्यूटर एकेडमी के डायरेक्टर विपिन गुप्ता ने अतिथियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में एज एजुकेशंस की डायरेक्टर श्रीमती आकांक्षा अस्थाना, मैनेजर सौरभ मौर्या, वरिष्ठ सलाहकार अर्पिता तिवारी, अध्यापिका प्रगति श्रेया, काउंसलर रोशनी अग्रहरि, शबनम खान, अमित प्रजापति, अंजू, अर्शलान अहमद, आफताब अल्वी, प्रिया सोनी, खुशी यादव, शुभम सिंह व माया साहू रहे। सफल संचालन आदर्श सिंह व माहे तरन्नुम ने किया।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



