बहराइच में नाव हादसे के पीड़ितों से मिले मुख्यमंत्री योगी, सौंपे 4-4 लाख रुपए की सहायता राशि
बहराइच (आरएनआई)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को बहराइच पहुंचकर नाव दुर्घटना में अपने प्रियजनों को खोने वाले पीड़ित परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने प्रत्येक मृतक के परिजनों को चार-चार लाख रुपए की आर्थिक सहायता राशि का चेक प्रदान किया और दुख की इस घड़ी में हर संभव सहयोग का भरोसा दिया।
मुख्यमंत्री ने इस दौरान क्षेत्र का हवाई सर्वेक्षण भी किया और राहत एवं पुनर्वास कार्यों की स्थिति का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भरथापुर गांव के सभी प्रभावित परिवारों का पुनर्वास कार्य एक माह के भीतर पूरा किया जाए। इसके लिए 21 करोड़ 55 लाख रुपए की राशि स्वीकृत की गई है।
सीएम योगी ने कहा कि सभी पीड़ित परिवारों को जमीन, आवास और मूलभूत सुविधाएं जैसे बिजली, पानी और सड़क उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि भरथापुर के विस्थापित परिवारों के लिए उनके गांव के नाम से कॉलोनी बनाकर उन्हें बसाया जाए। साथ ही, बहराइच के अन्य ऐसे गांवों की भी पहचान की जाए जो जोखिमपूर्ण क्षेत्रों में हैं, ताकि उन्हें भी सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित किया जा सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन परिवारों ने अपने परिजनों को इस हादसे में खोया है, उनके साथ सरकार और जनप्रतिनिधि पूरी संवेदना के साथ खड़े हैं। उन्होंने अधिकारियों को पुनर्वास की प्रक्रिया को तेजी से पूरा करने और सभी प्रभावित परिवारों को आवश्यक सहायता समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
सीएम योगी ने कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल मुआवजा देना नहीं, बल्कि प्रभावित परिवारों को एक सम्मानजनक और सुरक्षित जीवन प्रदान करना है। उन्होंने आश्वासन दिया कि अगले एक महीने के भीतर सभी विस्थापित परिवारों के लिए कॉलोनियां विकसित कर उन्हें वहां बसाया जाएगा, जहां पर उन्हें हर सुविधा उपलब्ध होगी।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



