बदायूं में सनसनीखेज वारदात: साईं मंदिर के पुजारी की हत्या, चांदी के दो मुकुट लूटकर फरार हुए बदमाश

Monday, November 17, 2025 - 10:54
0
बदायूं में सनसनीखेज वारदात: साईं मंदिर के पुजारी की हत्या, चांदी के दो मुकुट लूटकर फरार हुए बदमाश

बदायूं (आरएनआई)। बदायूं जिले में रविवार देर रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई, जहाँ सिविल लाइन थाना क्षेत्र के नवादा स्थित साईं मंदिर में पुजारी की हत्या कर बदमाश चांदी के दो मुकुट और दानपात्र में रखी नकदी लूट ले गए। सोमवार सुबह घटना की जानकारी होते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

जानकारी के अनुसार, नवादा साईं मंदिर में पिछले 15 वर्षों से पुजारी के रूप में सेवाएं दे रहे मनोज शंखधार, निवासी कल्लिया काजमपुर (थाना कुंवरगांव), रविवार रात मंदिर परिसर में बने अपने कमरे में सो रहे थे। देर रात किसी समय बदमाश मंदिर में घुसे और पुजारी को बंधक बनाकर गला घोंटकर उनकी हत्या कर दी। शव के पास से कपड़ा और बंधे हुए पैर यह बता रहे थे कि हत्या बेहद योजनाबद्ध तरीके से की गई। इसके बाद बदमाश मंदिर में रखे चांदी के दो मुकुट और दानपात्र में रखे रुपये लेकर फरार हो गए।

घटना का खुलासा तब हुआ जब सोमवार सुबह सफाईकर्मी मंदिर में सफाई के लिए पहुंचा। उसने कमरे के भीतर पुजारी का शव देखा और तुरंत स्थानीय लोगों व पुलिस को सूचना दी। देखते ही देखते मौके पर भीड़ जमा हो गई और क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया। हिंदू संगठनों के लोग भी मौके पर पहुँचकर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग करने लगे।

सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। मंदिर परिसर की गहन जांच की गई और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। एसएसपी डॉ. बृजेश कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच के लिए एक विशेष टीम गठित कर दी गई है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि दोषियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाएगी।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User