पीएम मोदी ने गाजा में ट्रंप के शांति प्रयासों की सराहना की, कहा- भारत हर संभव कोशिश का समर्थन करेगा
नई दिल्ली (आरएनआई) गाजा में जारी संघर्ष को रोकने के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से चलाए जा रहे शांति प्रयासों का भारत ने स्वागत किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पर बयान जारी करते हुए कहा, “गाजा में शांति प्रयासों में निर्णायक प्रगति के बीच हम राष्ट्रपति ट्रंप के नेतृत्व का स्वागत करते हैं। बंधकों की रिहाई के संकेत एक महत्वपूर्ण कदम हैं। भारत स्थायी और न्यायसंगत शांति की दिशा में सभी प्रयासों का दृढ़ता से समर्थन करता रहेगा।”
हमास ने दिखाई नरमी, बंधकों की रिहाई पर तैयार
ट्रंप ने गाजा संघर्ष को समाप्त करने के लिए 20 सूत्रीय शांति प्रस्ताव तैयार किया है, जिसे इस्राइल ने स्वीकार कर लिया है। वहीं हमास ने भी 7 अक्टूबर 2023 को बंधक बनाए गए इस्राइली नागरिकों को रिहा करने और गाजा की सत्ता अन्य फलस्तीनियों को सौंपने की सहमति जताई है।
हालांकि हमास ने यह भी कहा है कि प्रस्ताव के कुछ बिंदुओं पर वह चर्चा के बाद ही अंतिम फैसला लेगा।
ट्रंप ने हमास को स्पष्ट चेतावनी दी थी कि अगर उसने तय समय सीमा तक प्रस्ताव नहीं माना तो उसे “भारी कीमत चुकानी” होगी। इस दबाव के बाद हमास 72 घंटे के भीतर 48 में से जीवित बचे इस्राइली बंधकों को रिहा करने को तैयार हुआ है।
प्रस्ताव के तहत इस्राइल भी हमले रोकेगा
बंधकों की रिहाई के बदले इस्राइल ने भी गाजा में हमले रोकने और चरणबद्ध तरीके से सेना हटाने की शर्त मानी है। इसके साथ ही इस्राइल 250 फलस्तीनी कैदियों और 1700 हिरासत में लिए गए गाजा निवासियों को भी रिहा करेगा।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



