किमाना गांव में बारिश का कहर: मलबा और पानी से दहशत, प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया

Thursday, July 30, 2026 - 13:33
0
किमाना गांव में बारिश का कहर: मलबा और पानी से दहशत, प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया

उत्तराखंड में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से पहाड़ी क्षेत्रों में जनजीवन प्रभावित हो गया है। ज्योतिर्मठ के किमाना गांव में पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा और पानी आने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। प्रशासन ने प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है।

लगातार बारिश के कारण ज्योतिर्मठ के किमाना गांव के ऊपर स्थित पहाड़ी क्षेत्र से भारी मात्रा में मलबा नीचे आ गया। मलबे के साथ तेज पानी का बहाव गांव में घुस गया, जिससे रास्ते क्षतिग्रस्त हो गए और फसलों को भी भारी नुकसान पहुंचा। सबसे अधिक प्रभावित क्षेत्रों से दो परिवारों को एहतियातन सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया गया है।

गढ़वाल मंडलायुक्त आनंद स्वरूप ने सभी जिलाधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने और बंद सड़कों को प्राथमिकता के आधार पर खोलने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकारी और निजी संपत्तियों को हुए नुकसान का तत्काल आकलन किया जाए तथा जान-माल की क्षति होने पर प्रभावित परिवारों को नियमानुसार समयबद्ध सहायता उपलब्ध कराई जाए। सभी विभागों को 24 घंटे अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश भी दिए गए हैं।

मंडलायुक्त ने गाड़-गदेरों और नदी किनारे रहने वाले लोगों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि आवश्यकता पड़ने पर जोखिम वाले क्षेत्रों में रहने वाले परिवारों को तुरंत सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जाए और उनके भोजन, ठहरने तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही मैदानी इलाकों में जलभराव रोकने के लिए जल निकासी व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखने को कहा गया।

चारधाम यात्रा को देखते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए मंडलायुक्त ने मौसम विभाग की भारी बारिश की चेतावनी के मद्देनजर प्रतिकूल परिस्थितियों में यात्रा को अस्थायी रूप से रोकने और यात्रियों को सुरक्षित पड़ावों पर ठहराने के निर्देश दिए। समीक्षा बैठक में अपर आयुक्त उत्तम सिंह चौहान सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User