पथ विक्रेता कल्याण बोर्ड का गठन किया जाएगा-मुख्यमंत्री श्री शिवराज चौहान

पथ विक्रेताओं को एक लाख रूपए तक का ऋण उपलब्ध कराया जाएगा मुख्यमंत्री श्री चौहान ने पथ विक्रेताओं की महापंचायत में की घोषणा।

Saturday, September 23, 2023 - 19:14
Updated: 3 years ago
0
पथ विक्रेता कल्याण बोर्ड का गठन किया जाएगा-मुख्यमंत्री श्री शिवराज चौहान
मुख्यमंत्री श्री शिवराज चौहान

गुना। (आरएनआई) मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि पथ विक्रेताओं की समस्याओं के समाधान और उनके कल्याण के लिए प्रदेश में पथ विक्रेता कल्याण बोर्ड का गठन किया जाएगा। गांव और शहरों में सड़क पर सामान बेचने वाले पथ विक्रेताओं के पहचान पत्र बनाए जाएंगे, उनसे कहीं भी तहबाजारी की वसूली नहीं की जाएगी। उपयुक्त स्थानों पर स्थान चिन्हित कर हाकर्स कार्नर विकसित होंगे। पचास हजार रुपए का बैंक ऋण लौटाने पर पथ विक्रेताओं को एक लाख रूपए का ऋण उपलब्ध कराया जाएगा ताकि वे अपने कार्य का निंरतर विस्तार कर सकें। मुख्यमंत्री श्री चौहान भोपाल के लाल परेड ग्राउंड में पथ विक्रेताओं की पंचायत को संबोधित कर रहे थे। लाल परेड मैदान पर लगे पथ विक्रेता बहन-भाईयों के स्टॉल पर जाकर मुख्यमंत्री श्री चौहान ने विभिन्न व्यंजनों का स्वाद लिया तथा उनसे बातचीत भी की। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने विभिन्न ग्रामीण पथ विक्रेता योजना और पीएम स्वनिधि योजना के हितग्राहियों को हितलाभ का वितरण भी किया। योजना के हितग्राही श्रीमती प्रियंका जोशी और पिंटू विश्वकर्मा ने अपना अनुभव साझा किया।

पथ विक्रेता सम्मान के साथ अपनी गतिविधियों का विस्तार करें
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि पथ विक्रेता भाई बहनों के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए ही पीएम स्वनिधि योजना और मुख्यमंत्री ग्रामीण पथ विक्रेता ऋण योजना लागू की गई है। पथ विक्रेता सम्मानपूर्वक आय अर्जित कर आत्म निर्भर बन सकें उन्हें ऋण मिलने में परेशानी न हो, ब्याज का तनाव न हो इस उद्देश्य से ही यह योजनाएं लागू की गई हैं। योजनाओं का लाभ उठाकर पथ विक्रेता अपनी गतिविधियों का विस्तार करें, यही राज्य सरकार का उद्देश्य है। योजना के कई हितग्राहियों की आय अपेक्षा से अधिक बढ़ी है। प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर योजना में 10 हजार रुपए का लोन बैंक द्वारा उपलब्ध कराया जाता है और उसकी गारंटी राज्य सरकार देती है। दस हजार रुपए वापस करने पर 20 हजार रुपए और 20 हजार रुपए वापस करने पर 50 हजार रुपए का ऋण मिलने की सुविधा है। यह हमें लगातार आगे बढ़ने की सुविधा और सामर्थ प्रदान करती है। अब 50 हजार रूपये वापसी करने पर एक लाख रूपये तक का ऋण उपलब्‍ध कराया जायेगा।

मेरा प्रदेशवासियों से भैया और मामा का नाता है: मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि मेरा प्रदेशवासियों से भैया और मामा का नाता है। मैं परिवार चला रहा हूँ सरकार नहीं और आप सबकी जिंदगी बदलना मेरे जीवन का लक्ष्य है। आपके सुख- दुख का ध्यान रखना आपकी परेशानी की चिंता करना मेरा कर्तव्य है। इसी भावना से परिवार के हर सदस्य के लिए हमारी सरकार कल्याणकारी गतिविधियां चला रही है। बहनें कठिन परिस्थिति में दूसरों पर निर्भर न रहें और अपनी मर्जी से पैसा खर्च कर सकें इस उद्देश्य से लाड़ली बहना योजना आरंभ की गई। योजना में बहनों को प्रतिमाह एक हजार रुपए दिया जाता था जो बढ़ाकर अब 1250 रुपए कर दिया गया है। इस राशि को बढ़ाकर तीन हजार रुपए किया जाएगा। हर गरीब परिवार को आवास उपलब्ध कराने के लिए योजनाएं क्रियान्वित की गई हैं। जो परिवार पीएम आवास योजना में छूट गए हैं उन्हें मुख्यमंत्री आवास योजना में स्वयं का आवास उपलब्ध कराया जाएगा। बहनों को 450 रुपए में गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने, परिवारों के बढ़े बिजली के बिल भरवाने की व्यवस्था भी राज्य सरकार द्वारा की गई है।

गरीबी दूर करने के प्रयास में सरकार हर कदम पर साथ है
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने लोगों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि अपनी गरीबी दूर करने और परिवार की स्थिति ठीक करने के लिए आप प्रयास करें, सरकार हर कदम पर साथ है। प्रदेश की धरती पर हर गरीब को रहने के लिए जमीन का पट्टा दिया जाएगा। बच्चों की पढ़ाई के लिए राज्य सरकार हर स्तर पर प्रोत्साहन और सहायता उपलब्ध करा रही है। मेधावी विद्यार्थियों को सहायता उपलब्ध कराई जा रही है, पढ़ाई में प्रतियोगी भाव विकसित करने के लिए लैपटॉप और स्कूटी उपलब्ध कराने की योजनाएं लागू की गई हैं। विद्यार्थियों की पढ़ाई में भाषा आड़े न आए इसके लिए मेडिकल और इंजीनियरिंग की पढ़ाई हिंदी में कराने की व्यवस्था भी की गई है। लोगों की जिंदगी बदलना हमारी सरकार का मिशन है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User