पटना में पेपर लीक के विरोध में उग्र प्रदर्शन, छात्रों और पुलिस में झड़प; आंसू गैस व वाटर कैनन का इस्तेमाल
पटना। पेपर लीक, शिक्षा में भ्रष्टाचार और निजीकरण के विरोध में बुधवार को बिहार की राजधानी पटना में छात्रों का प्रदर्शन उग्र हो गया। जेपी गोलंबर के पास प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प तथा पथराव के बाद हालात नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े और वाटर कैनन से पानी की बौछार की। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
वामपंथी छात्र संगठन आइसा के बैनर तले हजारों छात्र, युवा और कार्यकर्ता गांधी मैदान गेट नंबर-10 से राजभवन मार्च के लिए निकले थे। प्रदर्शनकारी जब राजभवन की ओर बढ़ रहे थे, तब पुलिस ने जेपी गोलंबर के पास बैरिकेडिंग कर उन्हें रोक दिया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक हुई, जो बाद में झड़प में बदल गई।
प्रदर्शनकारी केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और बिहार के शिक्षा मंत्री मिथलेश तिवारी के इस्तीफे की मांग कर रहे थे। इसके अलावा उन्होंने पेपर लीक मामलों में सख्त कार्रवाई, शिक्षा में भ्रष्टाचार और निजीकरण पर रोक, जंतर-मंतर छात्र आंदोलन के समर्थन, 7.5 सीजीपीए की अनिवार्यता समाप्त करने, फीस वृद्धि वापस लेने, नॉन-नेट फेलोशिप लागू करने और पटना विश्वविद्यालय की स्वायत्तता बनाए रखने की मांग भी उठाई।
पुलिस के अनुसार, प्रदर्शन के दौरान कुछ लोगों ने बैरिकेडिंग तोड़ने का प्रयास किया और पथराव किया। इसके बाद भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले दागे गए और वाटर कैनन का इस्तेमाल किया गया। फिलहाल इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)