नगरासू गुरुद्वारा विवाद: तीन निहंग छत से उतरे, चार अब भी डटे; प्रशासन शांतिपूर्ण समाधान में जुटा

Tuesday, June 23, 2026 - 12:30
0
नगरासू गुरुद्वारा विवाद: तीन निहंग छत से उतरे, चार अब भी डटे; प्रशासन शांतिपूर्ण समाधान में जुटा

रुद्रप्रयाग। (आरएनआई) नगरासू स्थित दमदमा साहिब गुरुद्वारे में पिछले तीन दिनों से जारी गतिरोध धीरे-धीरे समाप्ति की ओर बढ़ता दिखाई दे रहा है। गुरुद्वारे की तीसरी और चौथी मंजिल पर डटे सात निहंगों में से तीन नीचे उतर चुके हैं, जबकि चार निहंग अब भी छत पर मौजूद हैं। प्रशासन और पुलिस लगातार वार्ता के माध्यम से मामले का शांतिपूर्ण समाधान निकालने का प्रयास कर रहे हैं।

जानकारी के अनुसार रविवार देर रात प्रशासन की समझाइश के बाद एक निहंग छत से नीचे उतर आया था। सोमवार सुबह दो अन्य निहंग भोजन लेने के लिए लंगर स्थल तक पहुंचे। इनमें से एक भोजन लेकर वापस छत पर चला गया, जबकि दूसरे को पुलिस ने मौके पर ही रोक लिया। इसके बाद पुलिस का ध्यान भटकाने के उद्देश्य से छत पर मौजूद कुछ निहंगों द्वारा पत्थरबाजी किए जाने की भी सूचना है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, इस दौरान एक निहंग तलवार लहराते हुए आगे बढ़ा, लेकिन पुलिस और सुरक्षा बलों ने स्थिति को नियंत्रित कर लिया। हालांकि किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

गुरुद्वारा प्रबंध कमेटी के प्रबंधक बाबा बेअंत सिंह ने आरोप लगाया कि छत पर मौजूद निहंग लगातार गुरुद्वारे की संपत्ति को नुकसान पहुंचा रहे हैं। उनके अनुसार तीसरी और चौथी मंजिल की दीवारों समेत कई हिस्सों में तोड़फोड़ की गई है। उन्होंने दावा किया कि तोड़ी गई सामग्री का उपयोग निहंग अपने बचाव और प्रतिरोध के लिए कर रहे हैं।

बताया जा रहा है कि विवाद की शुरुआत गुरुद्वारा प्रबंध कमेटी और निहंगों के बीच कुछ मांगों को लेकर हुए मतभेद से हुई थी। दोनों पक्षों के बीच सहमति नहीं बनने पर निहंग गुरुद्वारे की ऊपरी मंजिलों पर चले गए और स्वयं को वहां बंद कर लिया।

सोमवार को जिलाधिकारी विशाल मिश्रा और पुलिस अधीक्षक निहारिका तोमर ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा, एसडीएम ऊखीमठ अनिल रावत, एसडीएम रुद्रप्रयाग सोहन सिंह सैनी, पुलिस क्षेत्राधिकारी विकास पुंडीर और कोतवाली प्रभारी सुरेश बलूनी सहित अन्य अधिकारियों ने निहंगों से बातचीत कर उनकी मांगों को सुना।

प्रशासन का कहना है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और किसी प्रकार की बलपूर्वक कार्रवाई से बचते हुए वार्ता के जरिए समाधान निकालने का प्रयास किया जा रहा है। गुरुद्वारा परिसर के आसपास पुलिस, आईटीबीपी और अन्य सुरक्षा एजेंसियों की तैनाती की गई है तथा पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर रखी जा रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User