धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद NDA नेताओं के बच्चों की अलग राह, सोशल मीडिया और प्रदर्शनों में जताई खुशी

Sunday, July 26, 2026 - 22:00
Updated: 4 days ago
0
धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद NDA नेताओं के बच्चों की अलग राह, सोशल मीडिया और प्रदर्शनों में जताई खुशी

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के द्वारा नीट को लेकर किए गए विरोध-प्रदर्शन के बाद शनिवार को केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने इस्तीफा दे दिया. इसके साथ ही सीजेपी का 36 दिन चला आंदोलन समाप्त हो गया. खास बात यह रही कि पार्टी समर्थकों और कई एनडीए नेताओं के बेटे व बेटियों ने सोशल मीडिया व सार्वजनिक कार्यक्रम में इसको लेकर खुशी जाहिर की. इसी क्रम में धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और सीजेपी के आंदोलन की सफलता पर किन नेताओं के बच्चों ने जश्न मनाया.

भाजपा सांसद अपराजिता सारंगी की बेटी ने मनाया जश्न

इस सूची में सबसे पहला नाम अर्चिता सचिन राहर का है. अर्चिता भाजपा सांसद अपराजिता सारंगी की बेटी हैं. उन्होंने केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे का जश्न मनाते हुए एक इंस्टाग्राम स्टोरी पोस्ट की. राहर ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट में राष्ट्रीय ध्वज की पृष्ठभूमि में धर्मेंद्र प्रधान की तस्वीर साझा करते हुए लिखा, ‘‘नीट प्रश्नपत्र लीक प्रकरण को लेकर छात्रों के व्यापक विरोध-प्रदर्शन के बीच धर्मेंद्र प्रधान ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया.’’

दूसरी ओर, उनकी मां अपराजिता सारंगी समेत राज्य के भाजपा नेताओं ने प्रधान के प्रति सहानुभूति व्यक्त की. वहीं सांसद के कार्यालय सहायक धनेश्वर बारिक ने कहा, ‘‘हर व्यक्ति को अपने विचार व्यक्त करने का अधिकार है. उनकी बेटी ‘जेनरेशन जेड’ से है और उसने कहा है कि वह अपने बयान पर कायम है. उसे अपने विचार रखने का पूरा अधिकार है.’’

यह पूछे जाने पर कि क्या राहर की सोशल मीडिया पोस्ट से भुवनेश्वर की सांसद मुश्किल में पड़ गई हैं, इस पर बारिक ने कहा, ‘‘यह तो समय ही बताएगा.’’

सूत्रों ने बताया कि धर्मेंद्र प्रधान के कार्यालय से फोन आने के बाद सांसद ने अपनी बेटी से यह पोस्ट हटाने को कहा था, लेकिन पोस्ट नहीं हटायी गयी.

राहर ने बाद में एक अन्य सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, ‘‘और डीपी (धर्मेंद्र प्रधान) के पीए (निजी सचिव) के लिए, जो निश्चित रूप से मेरी मां को संदेश भेजकर मुझसे पिछली स्टोरी हटाने के लिए कहेंगे (ऐसा पहले भी हो चुका है), परेशान मत होइए. मैं इसे नहीं हटाऊंगी. जय जगन्नाथ. जय हिंद.’’

बेटी के अपने रुख पर अडिग रहने के बाद अपराजिता सारंगी ने शनिवार रात ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘धर्मेंद्र प्रधान ने आज अपना इस्तीफा सौंप दिया. नैतिक जिम्मेदारी स्वीकार करते हुए इस्तीफा देना बहुत साहस की बात है. इस कठिन समय में मैं उनके साथ हूं. आने वाले दिनों के लिए उन्हें मेरी शुभकामनाएं. भगवान जगन्नाथ उन पर अपनी कृपा बनाए रखें.’’

हालांकि भाजपा की ओडिशा इकाई के नेताओं ने राहर की पोस्ट की आलोचना की.

पिता असम सरकार में NDA के मंत्री, बेटी छात्र प्रदर्शन में हुई शामिल

असम के मंत्री केशव महंत की बेटी के नीट एग्जाम में गड़बड़ियों के खिलाफ प्रदर्शन में शामिल होने के वीडियो के बाद मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि उनकी कैबिनेट सहयोगी को ट्रोल नहीं किया जाना चाहिए क्योंकि "हो सकता है कि वह अपने पिता की राजनीतिक आइडियोलॉजी को फॉलो न करती हों."

गुवाहाटी में एग्जाम में गड़बड़ियों के खिलाफ और केंद्रीय शिक्षा मंत्री के पद से धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर हुए प्रदर्शन ने तब ध्यान खींचा जब असम गण परिषद (AGP) नेता केशव महंत की बेटी दिबिशा महंत भी प्रदर्शन में शामिल हो गईं. इतना ही नहीं प्रधानमंत्री के खिलाफ नारे लगाने और प्रधान के इस्तीफे की मांग करने वाली उनकी क्लिप सोशल मीडिया पर खूब शेयर की गई हैं. हालांकि पीटीआई ने क्लिप की सच्चाई का पता नहीं लगाया है.

वहीं वीडियो पर रिएक्ट करते हुए सरमा ने शनिवार को कहा, "मुझे नहीं लगता कि हमें केशव महंता की बेटी के प्रदर्शन के लिए उन पर हमला करना चाहिए या उन्हें ट्रोल करना चाहिए. हो सकता है कि वह अपने पिता की पॉलिटिकल आइडियोलॉजी को फॉलो न करती हो. कल जब मेरा बेटा लॉ की प्रैक्टिस करेगा, तो वह किसी ऐसे व्यक्ति का बचाव कर सकता है जिसे मैं पसंद नहीं करता." उन्होंने कहा कि जब बच्चे बड़े हो जाते हैं, तो उनके कामों को उनके माता-पिता से नहीं जोड़ा जाना चाहिए.

सरमा ने कहा, "मैं उनके लगाए नारों से सहमत नहीं हूं. जब मैं अगली बार उनसे मिलूंगा, तो मैं उनसे इस बारे में जरूर बात करूंगा और उन्हें यह समझाने की कोशिश करूंगा कि उन्होंने जो कहा वह सही नहीं था."

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User