दिल्ली-यमुनोत्री हाईवे पर दर्दनाक हादसा: तेज रफ्तार जीप की टक्कर से 7 वर्षीय बच्ची की मौत, चालक फरार

Sunday, March 8, 2026 - 11:31
0
दिल्ली-यमुनोत्री हाईवे पर दर्दनाक हादसा: तेज रफ्तार जीप की टक्कर से 7 वर्षीय बच्ची की मौत, चालक फरार

विकासनगर (आरएनआई)। दिल्ली‑यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में सात वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। बताया गया कि खुशहालपुर गांव में गुरुद्वारे के पास बिना नंबर प्लेट की काले रंग की तेज रफ्तार जीप ने सड़क पार कर रही बच्ची को टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने बच्ची के शव को सड़क पर रखकर विरोध प्रदर्शन किया, जिससे करीब एक घंटे तक हाईवे पर यातायात बाधित रहा।

जानकारी के अनुसार खुशहालपुर गांव निवासी रफाकत घर के पास अंडों की ठेली लगाते हैं। उनकी सात वर्षीय बेटी तसमीया घर के पास खेल रही थी। इसी दौरान वह सड़क पार करने लगी। तभी देहरादून की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार जीप ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना के बाद जीप चालक वाहन लेकर जस्सोवाला की ओर फरार हो गया। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने बच्ची के शव को राष्ट्रीय राजमार्ग पर रख दिया, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

सूचना मिलने पर सहसपुर कोतवाली के वरिष्ठ उपनिरीक्षक विकास रावत पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने आरोपी चालक को जल्द पकड़कर सख्त कार्रवाई करने की मांग को लेकर हंगामा किया। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद करीब एक घंटे बाद ग्रामीणों को समझाकर सड़क से हटाया और बच्ची के शव को अपने कब्जे में लिया।

पुलिस के अनुसार आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में दुर्घटना करने वाली जीप दिखाई दे रही है, लेकिन उस पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी। कोतवाली प्रभारी शंकर सिंह बिष्ट ने बताया कि बच्ची के परिजन फिलहाल शिकायत देने से इनकार कर रहे हैं, हालांकि पुलिस चालक की तलाश में जुटी हुई है। जस्सोवाला से जमनीपुर और बरोटीवाला की ओर जाने वाले रास्तों के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है और आसपास के थानों को भी सूचना दे दी गई है।

हादसे के बाद बच्ची के पिता रफाकत जब अपनी बेटी को लहूलुहान हालत में देखा तो वह सदमे में मौके पर ही बेहोश हो गए। मासूम की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया है और माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है।

गांव के प्रधान आजम, प्रतिनिधि शाहनवाज खान समेत कई ग्रामीणों ने पुलिस से आरोपी चालक को जल्द गिरफ्तार करने और क्षेत्र में रात के समय वाहनों की जांच बढ़ाने की मांग की है।

इन दिनों रमजान का पवित्र महीना चल रहा है और गांव में ईद की तैयारियों को लेकर रौनक थी। लेकिन इस हादसे ने खुशहालपुर गांव की खुशियों को मातम में बदल दिया। तसमीया की मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User