दिल्ली में होगा राष्ट्रीय व्यापारी सम्मेलन, पूरे देश में चलेगी स्वदेशी रथयात्रा
नई दिल्ली (आरएनआई)। देश में स्वदेशी वस्तुओं के उत्पादन, प्रसार और उपभोग को बढ़ावा देने के लिए कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) ने बड़े स्तर पर ‘स्वदेशी संकल्प रथयात्रा’ निकालने का फैसला किया है। इसके लिए 25 नवंबर को दिल्ली में एक दिवसीय राष्ट्रीय व्यापारी सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है, जिसमें देशभर के 100 से अधिक वरिष्ठ व्यापारी नेता भाग लेंगे। इस सम्मेलन में रथयात्रा की रणनीति, मार्ग और आगे की योजनाओं को अंतिम रूप दिया जाएगा।
कैट के राष्ट्रीय महामंत्री और भाजपा सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने बताया कि यह सम्मेलन मौजूदा व्यापारिक परिदृश्य, व्यापारियों की चुनौतियों, सरकार से अपेक्षाओं और संगठन को अधिक सशक्त बनाने के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘स्वदेशी बेचो–स्वदेशी खरीदो’ के आह्वान को देश के हर कोने तक पहुंचाया जाएगा और इसी लक्ष्य से रथयात्रा देशभर में निकाली जा रही है।
महाराष्ट्र के विदर्भ से चल चुकी रथयात्रा अब छत्तीसगढ़ में प्रवेश कर रही है। वहीं 1 दिसंबर से मध्य प्रदेश में दो रथ गांव-गांव और कस्बों में पहुंचकर स्थानीय व्यापारियों, उत्पादकों और श्रमिक समुदाय से संवाद करेंगे। सम्मेलन में अन्य राज्यों में भी ऐसी यात्राएं शुरू करने की योजना तय की जाएगी। कैट का मानना है कि इससे स्थानीय स्तर पर उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा और रोजगार सृजन को नई गति मिलेगी।
सम्मेलन में तेजी से बढ़ते डिजिटलाइजेशन पर भी विस्तृत चर्चा होगी। ई-कॉमर्स, नए व्यापारिक अवसरों, एमएसएमई सेक्टर की संभावनाओं और उभरते बाजारों में भारतीय व्यापार की भूमिका को लेकर ठोस कार्ययोजना बनाई जाएगी। इसके अलावा दिसंबर में दिल्ली में होने वाले विराट राष्ट्रीय महिला उद्यमी सम्मेलन की तैयारियों पर भी विचार होगा, जो देशभर की महिला व्यापारियों और स्टार्टअप उद्यमियों को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



