ट्रंप के बयान पर सियासी घमासान, कांग्रेस ने मोदी से पूछा—'ये कैसी दोस्ती?'
नई दिल्ली (आरएनआई) अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा पाकिस्तान के सेना प्रमुख जनरल आसिम मुनीर की तारीफ ने भारतीय राजनीति में हलचल मचा दी है। ट्रंप ने मुनीर को सार्वजनिक मंच से “माय फेवरेट फील्ड मार्शल” कहकर संबोधित किया, जिसके बाद कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर सीधा हमला बोला है।
कांग्रेस का सवाल: मोदी-ट्रंप की दोस्ती पर उठे सवाल
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री मोदी लगातार ट्रंप को अपना "मित्र" बताते रहे हैं, लेकिन वही ट्रंप पाकिस्तान के सैन्य प्रमुख को सम्मान दे रहे हैं। उन्होंने पूछा— "अगर ट्रंप आसिम मुनीर को व्हाइट हाउस में विशेष सम्मान दे रहे हैं और उन्हें अपना पसंदीदा फील्ड मार्शल कह रहे हैं, तो भारत को क्या संदेश दिया जा रहा है? ये कैसी दोस्ती है?"
जयराम रमेश ने एक्स पर एक वीडियो भी साझा किया है जिसमें ट्रंप मुनीर की तारीफ करते दिखाई देते हैं। साथ ही उन्होंने यह भी गिनाया कि ट्रंप ने मुनीर की तारीफ कब-कब की:
18 जून 2025: मुनीर को व्हाइट हाउस में भोज पर बुलाया गया।
1 अक्टूबर 2025: व्हाइट हाउस में फिर मुलाकात हुई, जिसमें मुनीर ने ट्रंप को रेअर अर्थ का डिब्बा भेंट किया।
कल मिस्र में: ट्रंप ने उन्हें सार्वजनिक रूप से “माय फेवरेट फील्ड मार्शल” कहा।
रमेश ने याद दिलाया कि 22 अप्रैल 2025 के पहलगाम आतंकी हमले की पृष्ठभूमि में मुनीर के भड़काऊ बयान भी शामिल बताए गए थे।
ट्रंप ने भारत का भी जिक्र किया
सम्मेलन में ट्रंप ने पाकिस्तान की प्रशंसा के साथ भारत पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा— “भारत एक महान देश है और वहां मेरे एक बहुत अच्छे दोस्त हैं जिन्होंने शानदार काम किया है। मुझे लगता है कि भारत और पाकिस्तान बहुत अच्छे से साथ रहेंगे।”
इस कार्यक्रम में पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने ट्रंप को नोबेल शांति पुरस्कार के लिए नामांकित करने की बात कही। जवाब में ट्रंप ने दावा किया कि उन्होंने भारत-पाकिस्तान समेत आठ युद्ध खत्म कराए, बावजूद इसके उन्हें नोबेल पुरस्कार नहीं मिला।
राजनीतिक तंज जारी
कांग्रेस का कहना है कि मोदी सरकार ट्रंप के साथ अपनी नजदीकियां दिखाने में जुटी है, जबकि ट्रंप के हालिया बयान भारत की संवेदनाओं के विपरीत हैं। विपक्ष यह सवाल उठा रहा है कि क्या यह कूटनीतिक असहजता नहीं है?
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



