घने कोहरे की चादर में लिपटा दिल्ली-NCR, हवा बेहद जहरीली, AQI 383 पर पहुंचा

Wednesday, December 31, 2025 - 11:14
0
घने कोहरे की चादर में लिपटा दिल्ली-NCR, हवा बेहद जहरीली, AQI 383 पर पहुंचा

नई दिल्ली (आरएनआई)। राजधानी दिल्ली और उसके आसपास के इलाकों में बुधवार सुबह की शुरुआत घने कोहरे और स्मॉग की मोटी चादर के साथ हुई। दिल्ली-एनसीआर के कई हिस्सों में दृश्यता बेहद कम रही, जिससे सड़क और हवाई यातायात पर भी असर पड़ा। ठंडी हवाओं के बीच प्रदूषण की परत इतनी घनी रही कि लोगों को आंखों में जलन, सांस लेने में दिक्कत और सिरदर्द जैसी समस्याएं महसूस हुईं।

एयर क्वालिटी अर्ली वार्निंग सिस्टम फॉर दिल्ली के मुताबिक, बुधवार सुबह राजधानी का वायु गुणवत्ता सूचकांक यानी AQI 383 दर्ज किया गया, जो ‘बेहद खराब’ श्रेणी में आता है। वहीं केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) ने आशंका जताई है कि दिन के दौरान हवा की गुणवत्ता ‘गंभीर’ स्तर तक भी पहुंच सकती है, जिससे खासकर बुजुर्गों, बच्चों और सांस के मरीजों के लिए स्थिति और खतरनाक हो सकती है।

दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में हालात बेहद चिंताजनक बने हुए हैं। आनंद विहार में AQI 452, अशोक विहार में 411, चांदनी चौक में 420, आईटीओ में 426, पंजाबी बाग में 430, विवेक विहार में 441 और वजीरपुर में 436 दर्ज किया गया। इसके अलावा रोहिणी, जहांगीरपुरी, आरकेपुरम, द्वारका और सोनिया विहार जैसे इलाकों में भी हवा बेहद खराब से गंभीर श्रेणी में बनी हुई है।

विशेषज्ञों का कहना है कि दिल्ली की बिगड़ती हवा के पीछे मौसमी हालात बड़ी वजह हैं। स्काईमेट के उपाध्यक्ष महेश पलावत के अनुसार, तापमान में गिरावट और पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से ठंडी हवा नीचे फंसी हुई है, जिससे प्रदूषक ऊपर नहीं जा पा रहे। वाहनों का धुआं, निर्माण कार्यों की धूल और अन्य प्रदूषक इसी ठंडी परत में फंसकर जमीन के पास जमा हो गए हैं। बारिश और तेज हवाओं की कमी के कारण यह प्रदूषण बाहर नहीं निकल पा रहा, जिससे स्थिति और गंभीर होती जा रही है।

वायु गुणवत्ता सूचकांक के अनुसार 0 से 50 तक का स्तर साफ हवा को दर्शाता है, जबकि 301 से 400 तक की स्थिति बेहद खराब मानी जाती है। 401 से ऊपर का स्तर गंभीर होता है, जो सीधे तौर पर स्वास्थ्य के लिए खतरनाक है और पहले से बीमार लोगों के लिए जानलेवा भी साबित हो सकता है।

मौसम विभाग ने भी आने वाले दिनों के लिए कड़ाके की ठंड और घने कोहरे की चेतावनी दी है। 31 दिसंबर और 1 जनवरी को ठंड और कोहरा बने रहने की संभावना है, जबकि नए साल के दिन कुछ इलाकों में हल्की बारिश भी हो सकती है। कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। विभाग के अनुसार बुधवार को अधिकतम तापमान करीब 22 डिग्री और न्यूनतम 8 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। ठंड और कोहरे के चलते सुबह और रात के समय यात्रा करते हुए लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। 

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User