गाजीपुर कांड पर सियासत तेज: राहुल गांधी का यूपी सरकार पर हमला, महिलाओं की सुरक्षा पर उठाए सवाल

Saturday, April 25, 2026 - 12:25
0
गाजीपुर कांड पर सियासत तेज: राहुल गांधी का यूपी सरकार पर हमला, महिलाओं की सुरक्षा पर उठाए सवाल

नई दिल्ली (आरएनआई)। उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म और हत्या की घटना को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने इस मामले को लेकर राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है और महिलाओं की सुरक्षा व न्याय व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं।

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि गाजीपुर में विश्वकर्मा समाज की एक बेटी के साथ दुष्कर्म के बाद बेरहमी से हत्या कर दी गई। उन्होंने आरोप लगाया कि घटना के बाद पीड़ित परिवार को एफआईआर दर्ज कराने से रोकने के लिए धमकियां दी गईं और इलाके में डर का माहौल बनाया गया।

उन्होंने इस घटना को पहले की घटनाओं से जोड़ते हुए कहा कि हाथरस, कठुआ, उन्नाव और अब गाजीपुर—यह घटनाएं कोई संयोग नहीं, बल्कि एक पैटर्न दर्शाती हैं। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि हर बार पीड़िता कमजोर वर्ग से होती है और अपराधियों को संरक्षण मिलता है, जबकि पीड़ित परिवार को ही प्रताड़ित किया जाता है।

उन्होंने कहा कि जिस राज्य में माता-पिता को अपनी बेटी के लिए एफआईआर दर्ज कराने तक संघर्ष करना पड़े, उस सरकार के पास सत्ता में बने रहने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है। राहुल गांधी ने दोषी पुलिसकर्मियों पर सख्त कार्रवाई, पीड़ित परिवार को सुरक्षा, उच्चस्तरीय जांच और त्वरित न्याय की मांग की। उन्होंने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री से सवाल करते हुए पूछा कि उनके शासन में बेटियां इतनी असुरक्षित क्यों हैं।

वहीं, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने भी इस मामले पर केंद्र सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा को लेकर किए जाने वाले बड़े-बड़े दावे सिर्फ दिखावा साबित हो रहे हैं। प्रियंका गांधी ने आरोप लगाया कि गाजीपुर की घटना में पहले मुकदमा दर्ज करने में देरी की गई और बाद में पीड़ित परिवार को धमकियां दी गईं।

उन्होंने कहा कि भाजपा शासन में अक्सर पीड़ितों के बजाय आरोपियों को संरक्षण मिलता नजर आता है और महिलाओं के खिलाफ अत्याचार की घटनाएं चिंताजनक स्तर तक बढ़ चुकी हैं। प्रियंका गांधी ने कहा कि देश की महिलाएं इन हालात को देख रही हैं और अब बदलाव की जरूरत महसूस कर रही हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User