गांव में ही मिलेगा आधार से जुड़ा हर काम, ग्राम सचिवालयों पर शुरू होगी नामांकन व अपडेट सेवा
खागा, फतेहपुर (आरएनआई) ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के लिए अब आधार से जुड़ी सेवाएं उनके अपने गांव में ही उपलब्ध होंगी। पहले जहां आधार बनवाने या संशोधन कराने के लिए लोगों को शहरों, बीआरसी (ब्लॉक रिसोर्स सेंटर) या अन्य केंद्रों तक जाना पड़ता था। वहीं अब यह सुविधा गांवों में बने सचिवालयों पर मिलेगी। इस कदम से ग्रामीणों को समय, पैसा और यात्रा की परेशानी से राहत मिलेगी।
बीडीओ अशोक कुमार ने बताया कि शासन ने विशेष रूप से बच्चों के आधार संबंधी समस्याओं को देखते हुए यह नई व्यवस्था लागू करने का निर्णय लिया है। कई बार स्कूली बच्चों के नाम, जन्मतिथि या अन्य विवरण में सुधार की आवश्यकता होती है, जिसके लिए माता-पिता को काफी दूर स्थित आधार केंद्रों पर जाना पड़ता था। अब यह कार्य सीधे ग्राम सचिवालय से ही हो सकेगा। गांवों में सचिवालय स्तर पर आधार नामांकन और संशोधन केंद्र खोलने से न केवल बच्चों, बल्कि बुजुर्गों और अन्य ग्रामीणों को भी सुविधा होगी। जिन लोगों का आधार अभी तक नहीं बना है, वे भी यहीं आकर नामांकन करवा सकेंगे। साथ ही मोबाइल नंबर अपडेट करना, पता बदलना, बायोमेट्रिक अपडेट जैसी सेवाएं भी उपलब्ध होंगी। यह व्यवस्था लागू होने से ग्रामीण क्षेत्रों में आधार अपडेट प्रक्रिया तेज और सरल हो जाएगी। ग्रामीणों को अब छुट्टी लेकर शहर जाने या लंबी कतारों में खड़े होने की आवश्यकता नहीं रहेगी। इससे बच्चों की पढ़ाई पर भी असर नहीं पड़ेगा, क्योंकि वे स्कूल के बाद या छुट्टी के दिन नजदीकी सचिवालय जाकर कार्य पूरा करा सकेंगे। ग्राम सचिवालयों में यह सुविधा शुरू करने के लिए आवश्यक मशीनें, इंटरनेट कनेक्टिविटी और प्रशिक्षित ऑपरेटरों की तैनाती की जाएगी। बीडीओ के अनुसार, सभी तैयारियां तेजी से की जा रही हैं और जल्द ही सेवा शुरू होगी। इस कदम से शासन की गांव में ही सुविधा देने की नीति को बल मिलेगा और डिजिटल सेवाओं तक ग्रामीणों की पहुंच आसान होगी। आधार जैसी महत्वपूर्ण पहचान सेवा का गांव में मिलना, ग्रामीण विकास और लोगों की सुविधा के लिए एक बड़ा बदलाव साबित होगा।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



