कोलकाता में निर्माणाधीन गोदाम ढहा, कई मजदूर मलबे में दबे; राहत-बचाव अभियान जारी
कोलकाता। (आरएनआई) पश्चिम कोलकाता के तारातला क्षेत्र में बुधवार दोपहर एक निर्माणाधीन तीन मंजिला गोदाम के अचानक ढह जाने से अफरा-तफरी मच गई। हादसे में कई मजदूरों के मलबे में दबने की आशंका है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कुछ लोगों की मौत की आशंका जताई जा रही है, जबकि कई घायलों को सुरक्षित निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया है। राहत और बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है।
यह दुर्घटना तारातला के ट्रांसपोर्ट डिपो रोड स्थित एक निर्माणाधीन गोदाम में हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के समय भवन में निर्माण कार्य चल रहा था और मजदूर विभिन्न मंजिलों पर काम कर रहे थे। अचानक पूरी संरचना भरभराकर गिर गई, जिससे वहां मौजूद श्रमिक मलबे के नीचे दब गए। इमारत गिरते ही आसपास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार अब तक कई लोगों को मलबे से बाहर निकाला जा चुका है और उन्हें नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। बचाव दल लगातार मलबे में फंसे अन्य लोगों की तलाश में जुटा हुआ है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसे के बाद काफी देर तक मलबे के नीचे दबे लोगों की चीख-पुकार सुनाई देती रही।
जानकारी के अनुसार हादसे के समय गोदाम की छत की ढलाई का कार्य चल रहा था। पहली और दूसरी मंजिल का निर्माण लगभग पूरा हो चुका था, जबकि निचले हिस्से में निर्माण कार्य जारी था। इसी दौरान अचानक पूरी इमारत धराशायी हो गई और लोहे के भारी बीम तथा कंक्रीट का मलबा मजदूरों पर आ गिरा।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग, आपदा प्रबंधन टीम और नागरिक सुरक्षा बल मौके पर पहुंच गए। बचाव कार्य में गैस कटर, ड्रिलिंग मशीनों, क्रेन और अन्य भारी उपकरणों की मदद ली जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मलबे में फंसे सभी लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।
हादसे के बाद निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। कुछ अधिकारियों और स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि भवन निर्माण में मानकों की अनदेखी की गई हो सकती है। प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं और हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)