एक सप्ताह में रूस ने यूक्रेन पर दागे 1300 ड्रोन और 1200 गाइडेड बम, जेलेंस्की का बड़ा दावा

Dec 22, 2025 - 11:31
 0  189
एक सप्ताह में रूस ने यूक्रेन पर दागे 1300 ड्रोन और 1200 गाइडेड बम, जेलेंस्की का बड़ा दावा

कीव (आरएनआई)। यूक्रेन और रूस के बीच जारी युद्ध के बीच यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने रूस की ओर से किए जा रहे हमलों को लेकर गंभीर दावा किया है। उन्होंने कहा कि बीते एक सप्ताह में रूस ने यूक्रेन पर करीब 1300 अटैक ड्रोन, लगभग 1200 गाइडेड एरियल बम और नौ मिसाइलें दागीं। इन हमलों का सबसे ज्यादा असर देश के दक्षिणी इलाकों और ओडेसा क्षेत्र में देखने को मिला है।

राष्ट्रपति जेलेंस्की ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी साझा करते हुए कहा कि रूस की लगातार बमबारी और ड्रोन हमलों से आम नागरिकों का जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। इसके बावजूद यूक्रेन की आपात सेवाएं पूरी मुस्तैदी से राहत और पुनर्बहाली कार्यों में जुटी हुई हैं और हालात को सामान्य करने का प्रयास कर रही हैं।

यूक्रेनी अधिकारियों के अनुसार, शुक्रवार रात ओडेसा क्षेत्र में हुए रूसी हमलों में आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि 27 लोग घायल हुए हैं। बताया गया है कि एक बंदरगाह क्षेत्र को मिसाइल से निशाना बनाया गया, जिससे इलाके की बिजली आपूर्ति भी बाधित हो गई। हमले के बाद राहत और बचाव दल ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए घायलों को अस्पताल पहुंचाया और नुकसान का आकलन शुरू किया।

जेलेंस्की ने अंतरराष्ट्रीय समर्थन का उल्लेख करते हुए कहा कि यूक्रेन को वैश्विक मंच पर लगातार सहयोग मिल रहा है। यूरोपीय परिषद ने 2026-27 के लिए 90 अरब यूरो की वित्तीय सहायता को मंजूरी दी है। इसके साथ ही नॉर्वे और जापान ने भी सहायता पैकेज देने का ऐलान किया है। वहीं, पुर्तगाल के साथ समुद्री ड्रोन के संयुक्त उत्पादन को लेकर समझौता होने से यूक्रेन की रक्षा क्षमताओं को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।

शांति प्रयासों को लेकर राष्ट्रपति जेलेंस्की ने कहा कि युद्ध समाप्त करने के लिए यूक्रेन और अमेरिका के बीच बातचीत जारी है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि रूस पर अंतरराष्ट्रीय दबाव और कड़े प्रतिबंध जरूरी हैं, ताकि कूटनीतिक माध्यम से सम्मानजनक और स्थायी शांति का रास्ता निकल सके। दूसरी ओर, रूस की ओर से भी संकेत दिए गए हैं कि अमेरिका के साथ चल रही बातचीत रचनात्मक माहौल में आगे बढ़ रही है। हालांकि, जमीनी हालात अब भी बेहद तनावपूर्ण बने हुए हैं। जेलेंस्की ने साफ कहा कि युद्ध किसी के हित में नहीं होता और आक्रामकता का खामियाजा अंततः उसी देश को भुगतना पड़ता है, जो इसे बढ़ावा देता है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.