उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए मतदान शुरू, प्रधानमंत्री मोदी ने पहला वोट डाला

उपराष्ट्रपति पद के लिए मतदान जारी है। सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) का पलड़ा भारी है। NDA का खेमा अपने प्रत्याशी सीपी राधाकृष्णन की जीत का अंतर बड़ा करने की कोशिश में लगा है। वहीं विपक्षी गठबंधन का कहना है कि ये देश की आत्मा बचाने का चुनाव है। मतदान संसद भवन में शाम 5 बजे तक चलेगा। मतों की गिनती शाम छह बजे शुरू होगी। 

Sep 9, 2025 - 10:30
 0  108
उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए मतदान शुरू, प्रधानमंत्री मोदी ने पहला वोट डाला

नई दिल्ली  (आरएनआई) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए मतदान करने संसद भवन पहुंचे। उपराष्ट्रपति पद के लिए मतदान शुरू हो गया है। इस चुनाव में एनडीए उम्मीदवार और महाराष्ट्र के राज्यपाल सी.पी. राधाकृष्णन का मुकाबला विपक्षी दल इंडिया ब्लॉक के उम्मीदवार और सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश बी. सुदर्शन रेड्डी से है। मतगणना शाम में होगी। 

केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी ने कहा, 'वह (सीपी राधाकृष्णन) आरएसएस के आदमी हैं। इसमें छिपाने की क्या बात है? आरएसएस एक भारतीय संगठन है। आरएसएस कभी देश के खिलाफ, चुनाव आयोग के खिलाफ, संसद के खिलाफ, सुप्रीम कोर्ट के खिलाफ, सेना के खिलाफ नहीं बोलता, जैसा कि राहुल गांधी और कांग्रेस करते हैं।'

उपराष्ट्रपति चुनाव में 780 कुल मतदाता (राज्यसभा-238 व लोकसभा-542) हैं, जीत के लिए 391 सांसदों का समर्थन जरूरी है। 425 सांसद राजग (एनडीए) के पास हैं, गठबंधन से इतर वाईएसआरसीपी (11 वोट) ने भी एनडीए उम्मीदवार के समर्थन का एलान किया है। अब बीजद, बीआरएस, शिअद द्वारा उपराष्ट्रपति चुनाव से दूरी बनाने के बाद चुनाव में जीत का आंकड़ा घटकर 385 रह गया है। विपक्षी गठबंधन के पास 324 सांसद हैं। साफ है कि पलड़ा एनडीए का भारी है। 

बीजेडी ने राजग और इंडिया ब्लॉक से समान दूरी की नीति याद दिलाते हुए मतदान से दूर रहने की घोषणा की है। इसका परोक्ष लाभ राजग उम्मीदवार को ही मिलेगा क्योंकि जीत के लिए जरूरी मतों की संख्या 391 से घट कर 387 रह जाएगी। इसके इतर बीआरएस (4 वोट) ने तेलुगु प्राइड के सियासी जाल में उलझने और जुबली हिल्स विधानसभा उपचुनाव में निर्णायक मुस्लिम मतदाताओं की नाराजगी मोल लेने से बचने के लिए चुनाव से दूरी बनाने का संकेत दिया है। अगर बीआरएस भी चुनाव से दूर रहा तो राजग उम्मीदवार को जीत के लिए महज 385 वोट की ही जरूरत होगी।

लोजपा (रामविलास पासवान) सांसद शाम्भवी चौधरी ने कहा, 'हमें पूरा यकीन है और इसकी पूरी गारंटी है कि हमारे उम्मीदवार उपराष्ट्रपति बनेंगे। सीपी राधाकृष्णन का अब तक का काम बहुत प्रभावशाली रहा है। देश के सच्चे नागरिक होने के नाते, हमें लगता है कि उन्होंने देश के लिए बहुत कुछ किया है और आने वाले समय में देश को सही रास्ते पर ले जाने की क्षमता उनमें है। कांग्रेस यह नहीं समझती कि हम अपने देश के संविधान और लोकतंत्र को बचाने के लिए वोट दे रहे हैं।'

उपराष्ट्रपति चुनाव के मतदान शुरू होने से पहले राज्यसभा सांसद सुधा मूर्ति और एनडीए के अन्य सांसद केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू के आवास पर पहुंचे।

एनडीए के उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार और महाराष्ट्र के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन ने नई दिल्ली के लोधी रोड इलाके में स्थित श्री राम मंदिर में पूजा अर्चना की। आज उपराष्ट्रपति पद के लिए मतदान होना है। सीपी राधाकृष्णन का मुकाबला विपक्षी गठबंधन के उम्मीदवार और सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश बी सुदर्शन रेड्डी से होगा। मतदान सुबह 10 बजे शुरू होगा और शाम 5 बजे तक चलेगा। उसके बाद वोटों की गिनती होगी और शाम तक नतीजों की घोषणा कर दी जाएगी।  

केंद्रीय मंत्री एस.पी. सिंह बघेल ने उपराष्ट्रपति चुनाव को लेकर कहा, 'दोनों उम्मीदवार और उनके समर्थक तैयार हैं। एनडीए के पास ज़्यादा संख्याबल है और राधाकृष्णन उपराष्ट्रपति बनेंगे। हम उनके पक्ष में वोट देंगे और एनडीए जीतेगा। हम उन्हें बधाई देंगे और वो सदन की कार्यवाही सुचारू रूप से चलाएंगे। शाम तक सब साफ हो जाएगा।'

शिवसेना संसदीय दल के नेता श्रीकांत शिंदे को उपराष्ट्रपति चुनाव में राजग के उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन का अधिकृत प्रतिनिधि नियुक्त किया गया है।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.