उत्तर कोरिया ने कई क्रूज मिसाइलें दागीं, देश में घुसने वाले अमेरिकी सैनिक पर चुप्पी बनाए रखी

उत्तर कोरिया ने शनिवार तड़के अपने पश्चिमी समुद्र की ओर कई क्रूज मिसाइलें दागीं। दक्षिण कोरियाई सेना ने यह दावा किया।

Saturday, July 22, 2023 - 08:15
0
उत्तर कोरिया ने कई क्रूज मिसाइलें दागीं, देश में घुसने वाले अमेरिकी सैनिक पर चुप्पी बनाए रखी

सियोल, 22 जुलाई 2023, (आरएनआई)। उत्तर कोरिया ने शनिवार तड़के अपने पश्चिमी समुद्र की ओर कई क्रूज मिसाइलें दागीं। दक्षिण कोरियाई सेना ने यह दावा किया।

यह उत्तर कोरिया द्वारा इस सप्ताह किया गया दूसरा मिसाइल प्रक्षेपण है। इसे दक्षिण कोरिया में परमाणु हथियारों से लैस अमेरिकी पनडुब्बी की तैनाती के खिलाफ उठाया गया कदम बताया जा रहा है।

मिसाइल प्रक्षेपण के बीच उत्तर कोरिया ने इस महीने की शुरुआत में दक्षिण कोरिया से सीमा पार कर देश में घुसने वाले अमेरिकी सैनिक ट्रैविस किंग (23) पर लगातार पांचवें दिन भी चुप्पी बनाए रखी।

किंग ने पिछले साल अक्टूबर में सियोल में एक अज्ञात व्यक्ति पर हमला करने और एक पुलिस वाहन को नुकसान पहुंचाने के मामले में दक्षिण कोरियाई जेल में लगभग दो महीने की सजा काट ली थी। किंग को 10 जुलाई को रिहा कर दिया गया था और उसे सोमवार को टेक्सास के फोर्ट ब्लिस में अपने घर जाना था, जहां उसे अतिरिक्त सैन्य कार्रवाई और सेवा से बर्खास्तगी का सामना करना पड़ सकता था।

हालांकि, किंग टेक्सास जाने के बजाय पर्यटकों के एक समूह के साथ मंगलवार सुबह दक्षिण और उत्तर कोरिया को विभाजित करने वाले असैन्यीकृत क्षेत्र की यात्रा पर निकला तथा उत्तर कोरियाई की सीमा में घुस गया।

दक्षिण कोरिया के ज्वाइंट चीफ ऑफ स्टाफ ने शनिवार को कहा कि उत्तर कोरिया ने तड़के चार बजे के आसपास मिसाइल प्रक्षेपण शुरू किया, लेकिन उन्होंने यह नहीं बताया कि पड़ोसी देश ने कितनी मिसाइलें दागीं और इन मिसाइलों ने कितनी दूरी तक उड़ान भरी।

ज्वाइंट चीफ ऑफ स्टाफ ने कहा कि अमेरिका और दक्षिण कोरिया की सेनाएं उत्तर कोरियाई मिसाइल प्रक्षेपण का विश्लेषण कर रही हैं।

उत्तर कोरिया ने बुधवार को अपनी राजधानी प्योंगयांग के पास स्थित एक क्षेत्र से छोटी दूरी की दो बैलिस्टिक मिसाइलें दागी थीं। कोरियाई प्रायद्वीप के पूर्व में समुद्र में गिरने से पहले इन मिसाइलों ने लगभग 550 किलोमीटर की दूरी तय की थी।

यह दूरी प्योंगयांग और दक्षिण कोरिया के बंदरगाह शहर बुसान के बीच मौजूद फासले के बराबर है, जहां अमेरिका ने पिछले हफ्ते परमाणु हथियारों से लैस पनडुब्बी यूएसएस केंटकी तैनात की है। यह 1980 के दशक के बाद दक्षिण कोरिया में परमाणु हथियारों से लैस किसी अमेरिकी पनडुब्बी की पहली तैनाती है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User