इंडिगो यात्रियों के लिए बड़ी राहत: कंपनी ने किया मुआवजे का एलान
नई दिल्ली (आरएनआई) डीजीसीए द्वारा पायलट और क्रू के लिए नए नियम लागू किए जाने के बाद इंडिगो की उड़ानों में लगातार रद्दीकरण देखा गया। स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि दिसंबर की शुरुआत में सैकड़ों यात्री एयरपोर्ट पर ही फंसे रह गए और कई घंटों तक मुश्किलों का सामना करना पड़ा। अब विमानन मंत्रालय की सख्ती के बाद इंडिगो ने यात्रियों को राहत देने के लिए महत्वपूर्ण घोषणा की है।
देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो ने कहा है कि हालिया संकट से प्रभावित यात्रियों को रिफंड के साथ अतिरिक्त मुआवजा भी दिया जाएगा। हालांकि यह लाभ केवल उन यात्रियों को मिलेगा जिनकी यात्रा 3, 4 और 5 दिसंबर को बाधित हुई थी। इन तिथियों में यात्रा कर रहे कई यात्री भारी भीड़ और लंबे इंतजार से परेशान हुए थे।
कंपनी ने घोषणा की है कि प्रभावित यात्रियों को 10,000 रुपये के ट्रैवल वाउचर दिए जाएंगे। यह वाउचर अगले 12 महीनों के भीतर इंडिगो की किसी भी उड़ान में इस्तेमाल किया जा सकेगा। एयरलाइन ने स्पष्ट किया कि यह अतिरिक्त राहत है और इससे अलग, सरकार की गाइडलाइंस के तहत 24 घंटे से कम समय के नोटिस पर उड़ान रद्द होने की स्थिति में यात्रियों को 5,000 से 10,000 रुपये तक का सरकारी मुआवजा भी मिलेगा।
इंडिगो ने यह भी बताया कि जिन यात्रियों ने टिकट ट्रैवल पार्टनर प्लेटफॉर्म से लिए हैं, उनके रिफंड की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। ऐसे यात्री अपनी जानकारी इंडिगो की ईमेल आईडी customer.experience@goindigo.in
पर भेजकर सहायता प्राप्त कर सकते हैं।
एयरलाइन ने कहा कि वह यात्रियों के भरोसे को बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है और सभी प्रभावित लोगों की मदद जारी रखेगी।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



