अमेरिका में आव्रजन कार्रवाई की आशंका से तनाव; न्यूयॉर्क में प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प, कई गिरफ्तार
न्यूयॉर्क (आरएनआई)। अमेरिका में संभावित आव्रजन और सीमा शुल्क प्रवर्तन की कार्रवाई की खबरों के बीच न्यूयॉर्क के लोअर मैनहट्टन में शनिवार को माहौल तनावपूर्ण हो गया। चाइनाटाउन के पास स्थित एक सरकारी पार्किंग गैराज के बाहर प्रदर्शन कर रही भीड़ और पुलिस के बीच टकराव बढ़ने के बाद कई प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
न्यूयॉर्क पुलिस विभाग के अनुसार करीब 200 से ज्यादा प्रदर्शनकारी उस स्थान पर इकट्ठा हुए थे, जहां बड़ी संख्या में संघीय एजेंट संभावित छापेमारी के लिए तैनात थे। जैसे-जैसे भीड़ बढ़ती गई, हालात बिगड़ते गए और प्रदर्शनकारियों एवं पुलिस के बीच झड़पें शुरू हो गईं।
एबीसी न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक प्रदर्शनकारियों ने सड़क जाम कर वाहनों की आवाजाही रोक दी। पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए कई बार चेतावनी दी, लेकिन प्रदर्शनकारी पीछे हटने को तैयार नहीं हुए। स्थिति हाथ से निकलती देख अधिकारियों ने कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया।
न्यूयॉर्क पुलिस ने बताया कि भीड़ पर काबू पाने की कोशिश के दौरान प्रदर्शनकारियों ने कूड़ेदान और गमले फेंकने शुरू कर दिए, जिससे तनाव और बढ़ गया। पुलिस ने कहा कि सड़क खाली करने के आदेश की अवहेलना करते हुए प्रदर्शनकारियों ने जानबूझकर बाधा उत्पन्न की और वाहनों को रोक दिया।
इस बीच, होमलैंड सुरक्षा विभाग ने संघीय एजेंटों द्वारा किसी नई कार्रवाई की योजना पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। उल्लेखनीय है कि यह झड़प उसी क्षेत्र में हुई है, जहां एक महीने पहले बड़े पैमाने पर संघीय प्रवर्तन अभियान चलाया गया था। उस कार्रवाई में नौ लोगों को गिरफ्तार किया गया था। स्थानीय सांसद डैन गोल्डमैन के अनुसार उस समय चार अमेरिकी नागरिकों को भी बिना किसी संघीय आरोप के करीब 24 घंटे तक हिरासत में रखा गया था।
लोअर मैनहट्टन में शनिवार की घटना ने एक बार फिर अमेरिका में आव्रजन नीति को लेकर बढ़ते तनाव और स्थानीय प्रशासन पर सवालों को प्रमुखता से सामने ला दिया है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



