अदाणी समूह का कर पूर्व लाभ 42% बढ़कर 23532 करोड़ रुपये हुआ
अदाणी समूह की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि अप्रैल-जून तिमाही में उसने 23,532 करोड़ रुपये का कर-पूर्व लाभ दर्ज किया। यह वित्त वर्ष 2018-19 में दर्ज 24,780 करोड़ रुपये के कर-पूर्व लाभ के लगभग बराबर है।
नई दिल्ली। (आरएनआई) अदाणी समूह का चालू वित्त वर्ष की पहली (अप्रैल-जून) तिमाही का कर-पूर्व लाभ (EBITDA) सालाना आधार पर 42 प्रतिशत बढ़ा है। समूह ने बुधवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि उसके हवाई अड्डे से लेकर बिजली और समुद्री बंदरगाह आदि क्षेत्रों ने इस इस वृद्धि में उल्लेखनीय योगदान दिया है।
समूह की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि अप्रैल-जून तिमाही में उसने 23,532 करोड़ रुपये का कर-पूर्व लाभ दर्ज किया। यह वित्त वर्ष 2018-19 में दर्ज 24,780 करोड़ रुपये के कर-पूर्व लाभ के लगभग बराबर है।
अदाणी समूह की 10 कंपनियां शेयर बाजार में सूचीबद्ध हैं। इनमें अदाणी एंटरप्राइजेज लि., अडाणी पोर्ट्स एंड एसईजेड लि., अदाणी ग्रीन एनर्जी, अदाणी पावर लि., अदाणी एनर्जी सॉल्यूशंस और अदाणी टोटल गैस शामिल हैं।
करीब 42,115 करोड़ रुपये की नकदी को लेने के बाद इन कंपनियों पर शुद्ध रूप से कर्ज का बोझ 18,689.7 करोड़ रुपये है।
हिंडनबर्ग रिसर्च की रिपोर्ट में समूह पर कई तरह की गड़बड़ियों के आरोप लगाए गए थे। यह रिपोर्ट इस साल जनवरी में आई थी। उसके बाद से समूह के कुल बाजार मूल्यांकन में बड़ी गिरावट दर्ज की गई थी। हालांकि, समूह ने इन आरोपों को खारिज कर दिया था। अब समूह वापसी की रणनीति के तहत अपना परिचालन प्रदर्शन सुधारने पर ध्यान केंद्रित कर रहा है।
समूह के प्रवर्तकों ने 10 सूचीबद्ध कंपनियों में से पांच की हिस्सेदारी जीक्यूजी पोटनर्स जैसे निवेशकों को बेची है। इससे समूह की कंपनियों के शेयरों में सुधार हुआ है।
पहली तिमाही में समूह के मूल बुनियादी ढांचा और यूटिलिटी कारोबार का कर-पूर्व मुनाफा 20,233 करोड़ रुपये रहा है। यह कुल कर-पूर्व लाभ का 86 प्रतिशत है।
इसी तरह समूह के हवाई अड्डा, हरित हाइड्रोजन और अन्य कारोबार का कर-पूर्व लाभ इस अवधि में सालाना आधार पर लगभग दोगुना होकर 1,718 करोड़ रुपये रहा। यह कुल कर-पूर्व मुनाफे का सात प्रतिशत है। कंपनी के सीमेंट कारोबार का कर-पूर्व लाभ 54 प्रतिशत बढ़कर 1,935 करोड़ रुपये रहा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

