नेपाल बाढ़ में मृतकों का आंकड़ा 175 तक पहुंचा, सैकड़ों लापता; मदद के लिए दुनिया ने बढ़ाए हाथ
नेपाल में बुधवार को आई विनाशकारी बाढ़ और भूस्खलन से तबाही का दायरा लगातार बढ़ता जा रहा है। नेपाल सरकार के अनुसार, आपदा में मृतकों की संख्या बढ़कर 175 हो गई है, जबकि सैकड़ों लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव अभियान लगातार जारी है।
नेपाल के आपदा प्रबंधन विभाग के मुताबिक लापता लोगों में नेपाली सेना के 44, नेपाली पुलिस के 28 और नेपाल सशस्त्र पुलिस बल के 13 जवान भी शामिल हैं। नेपाल पर्यटन बोर्ड के अनुसार 579 पर्यटकों के भी लापता होने की जानकारी सामने आई है। वहीं, 28 देशों के 476 विदेशी नागरिकों के लापता होने की बात भी सामने आई है।
भीषण आपदा के बाद नेपाल की मदद के लिए कई देश और अंतरराष्ट्रीय संगठन आगे आए हैं। भारत ने राहत सामग्री और जरूरी सामान नेपाल भेजे हैं। अमेरिका ने नेपाल को आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है, जबकि संयुक्त राष्ट्र नेपाल सरकार के साथ मिलकर राहत और बचाव कार्यों में सहयोग कर रहा है। यूरोपीय संघ ने भी नेपाल को हरसंभव सहायता देने की पेशकश की है।
यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने भी आपदा पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि नेपाल और चीन में आई विनाशकारी बाढ़ से कई समुदाय प्रभावित हुए हैं और उनकी संवेदनाएं उन परिवारों के साथ हैं, जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है या अब भी उनकी खबर का इंतजार कर रहे हैं।
उन्होंने राहत और बचाव अभियान में जुटे कर्मियों की भी सराहना की। इस बीच नेपाल में प्रभावित क्षेत्रों में खोज और बचाव अभियान तेज किया गया है और लापता लोगों का पता लगाने के लिए सुरक्षाबलों की टीमें लगातार काम कर रही हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)