मुख्यमंत्री सेवा संकल्प अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक, सीएम ने किया जन विश्वास पोर्टल का शुभारंभ

Wednesday, September 2, 2026 - 21:54
Updated: 2 days ago
0
मुख्यमंत्री सेवा संकल्प अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक, सीएम ने किया जन विश्वास पोर्टल का शुभारंभ

गुना। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के कमिश्नर्स और कलेक्टर्स को मुख्यमंत्री सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों को लेकर निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि प्रदेश में यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक राज्य से लेकर ग्राम पंचायत स्तर तक आयोजित किया जाएगा। अभियान की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन से होगी।

मुख्यमंत्री ने सभी कलेक्टरों को अभियान के निर्धारित कार्यक्रमों का तिथिवार कैलेंडर तैयार करने और उनमें जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों, सामाजिक व धार्मिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं, स्वसहायता समूहों तथा आमजन की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। प्रत्येक कार्यक्रम के लिए अलग-अलग नोडल अधिकारी नियुक्त किए जाएंगे, जबकि कमिश्नर अभियान की निगरानी करेंगे। बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने जन विश्वास पोर्टल का भी शुभारंभ किया।

अभियान के दौरान प्रमुख नदियों के घाटों की साफ-सफाई और दीप प्रज्ज्वलन के कार्यक्रम होंगे। विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों के अनुभवों को सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर साझा किया जाएगा। जिलों की उपलब्धियों, महत्वपूर्ण निर्माण कार्यों और प्रमुख परियोजनाओं से आमजन के जीवन में आए बदलाव को भी प्रचारित किया जाएगा। इसके लिए हितग्राहियों के फोटो और वीडियो संदेशों का डिजिटल डेटा तैयार किया जाएगा।

विद्यार्थियों के बीच विकसित भारत के विषय पर भाषण और पेंटिंग प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। श्रेष्ठ पेंटिंग्स की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। संस्कृति विभाग नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी सरल भाषा में लोगों तक पहुंचाएगा। गांधी जयंती के अवसर पर सभी जिला मुख्यालयों में नुक्कड़ नाटक और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक आंगनवाड़ी केंद्रों में ‘आंगन का उत्सव’ मनाया जाएगा। इसमें बच्चों और महिलाओं से जुड़े कार्यक्रमों के साथ आंगनवाड़ी एवं आशा कार्यकर्ताओं का सम्मान तथा महिलाओं से संवाद किया जाएगा।

अभियान के दौरान सेवा ज्योति यात्रा भी निकाली जाएगी। विशाल रंगोली, मानव रंगोली और अन्य माध्यमों से प्रदेश के विकास की गाथा प्रस्तुत की जाएगी। बड़े विकास कार्यों जैसे बांध, नहर, हाईवे, अस्पताल, औद्योगिक संस्थान और एयरपोर्ट से हुए सकारात्मक बदलावों को भी मीडिया के विभिन्न माध्यमों से जनता तक पहुंचाया जाएगा।

17 अक्टूबर को दिल्ली में ‘पंचायत से संसद’ के जनसेवकों का महाकुंभ आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को अभियान से संबंधित विस्तृत दिशा-निर्देशों के अनुसार समय पर सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान गुना जिला कलेक्ट्रेट के एनआईसी कक्ष में कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल, अपर कलेक्टर अखिलेश जैन, जिला पंचायत सीईओ अभिषेक दुबे सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User