NSA अजित डोभाल के निमंत्रण पर भारत आएंगे चीनी विदेश मंत्री वांग यी, ब्रिक्स सुरक्षा बैठक में लेंगे हिस्सा
नई दिल्ली (आरएनआई) भारत और चीन के बीच संबंधों में सुधार के संकेतों के बीच चीन के विदेश मंत्री वांग यी 22 और 23 जून को दो दिवसीय भारत दौरे पर आएंगे। वह राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजित डोभाल के निमंत्रण पर नई दिल्ली में आयोजित होने वाली ब्रिक्स देशों के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकारों और उच्च प्रतिनिधियों की 16वीं बैठक में हिस्सा लेंगे।
चीन के विदेश मंत्रालय ने गुरुवार को इस दौरे की आधिकारिक पुष्टि की। मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जारी बयान में कहा कि चीन की कम्युनिस्ट पार्टी की केंद्रीय समिति के राजनीतिक ब्यूरो के सदस्य और केंद्रीय विदेश मामलों आयोग कार्यालय के निदेशक वांग यी भारत में आयोजित ब्रिक्स सुरक्षा बैठक में भाग लेने के लिए 22-23 जून तक भारत प्रवास पर रहेंगे।
यह दौरा ऐसे समय में हो रहा है जब सीमा विवाद और वर्षों के तनाव के बाद भारत और चीन के बीच संवाद की प्रक्रिया फिर से गति पकड़ रही है। दोनों देशों ने हाल के महीनों में कई स्तरों पर बातचीत बढ़ाई है और सीमा क्षेत्रों में शांति एवं स्थिरता बनाए रखने पर जोर दिया है।
वांग यी इससे पहले भी पिछले वर्ष नई दिल्ली आए थे, जब उन्होंने विशेष प्रतिनिधियों (SR) की 24वीं बैठक के दौरान राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल के साथ विस्तृत वार्ता की थी। उस बैठक में दोनों पक्षों ने सीमा क्षेत्रों में शांति बनाए रखने को द्विपक्षीय संबंधों के समग्र विकास के लिए बेहद महत्वपूर्ण बताया था।
विदेश मंत्रालय के अनुसार, दोनों देशों ने इस बात पर सहमति जताई थी कि सीमा पर स्थिरता और विश्वास बहाली से आपसी संबंधों को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी। इसके बाद से दोनों देशों के बीच राजनीतिक और कूटनीतिक संपर्कों में लगातार बढ़ोतरी देखी गई है।
विशेषज्ञों का मानना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच विभिन्न अंतरराष्ट्रीय मंचों पर हुई मुलाकातों के बाद दोनों देशों के रिश्तों में सकारात्मक माहौल बना है। ऐसे में वांग यी का यह भारत दौरा न केवल ब्रिक्स सहयोग के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है, बल्कि भारत-चीन संबंधों को नई दिशा देने की दृष्टि से भी इसे अहम कदम माना जा रहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)