हरदोई मे बाढ पूर्व तैयारी, नाव–गोताखोरों की सूची तैयार करने के डीएम ने दिये निर्देश
हरदोई (आरएनआई) संभावित बाढ़ को लेकर जनपद प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के तहत गठित बाढ़ स्टीयरिंग ग्रुप की बैठक कलेक्ट्रेट स्थित स्वामी विवेकानंद सभागार में जिलाधिकारी अनुनय झा की अध्यक्षता में आयोजित की गई, जिसमें बाढ़ से निपटने की तैयारियों की गहन समीक्षा की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि बाढ़ पूर्व की सभी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूर्ण कर ली जाएं। उन्होंने बिलग्राम, सवायजपुर और शाहाबाद के उपजिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि शीघ्र बाढ़ नियंत्रण कक्ष स्थापित करें तथा नाव, नाविक और गोताखोरों को चिन्हित कर उनके मोबाइल नंबर सहित विस्तृत बुकलेट तैयार कराई जाए। साथ ही बाढ़ चौकियों का निरीक्षण कर बाढ़ प्रभावित लोगों एवं उनके पशुओं के लिए सुरक्षित आश्रय स्थलों का चयन सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने वन विभाग को नदी किनारों पर कटान रोकने के लिए उपयुक्त वृक्षारोपण कराने, स्वास्थ्य विभाग को बाढ़ संभावित गांवों में मेडिकल टीम तैनात करने तथा पूर्ति विभाग को खाद्यान्न, डीजल व मिट्टी तेल की पर्याप्त व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। लोक निर्माण विभाग को पूर्व में बाढ़ से क्षतिग्रस्त सड़कों की शीघ्र मरम्मत कराने के आदेश भी दिए गए।
शिक्षा व्यवस्था को बनाए रखने के लिए बेसिक शिक्षा विभाग को बाढ़ से प्रभावित होने वाले विद्यालयों को चिन्हित कर बच्चों के लिए वैकल्पिक स्थानों की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। वहीं विद्युत विभाग को बाढ़ चौकियों और राहत शिविरों में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा गया।
जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिया कि बाढ़ प्रभावित गांवों में भोजन की व्यवस्था कर उसे ग्राम प्रधानों के माध्यम से वितरित कराया जाए, ताकि किसी भी व्यक्ति को असुविधा न हो। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को चेताया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) प्रियंका सिंह, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) प्रफुल्ल कुमार त्रिपाठी, अधिशासी अधिकारी शारदा नहर, प्रभारी जिला सूचना अधिकारी दिव्या निगम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)