हरदोई: डेढ़ साल पुराने मेड़बंदी विवाद का निस्तारण, न्यायालय के आदेश का हुआ अनुपालन
हरदोई(आरएनआई) बिलग्राम तहसील के ग्राम श्यामपुर मल्लावां स्थित गाटा संख्या 75 से जुड़े भूमि विवाद का गुरुवार को निस्तारण कर दिया गया। करीब डेढ़ वर्ष से लंबित न्यायालय के मेड़बंदी आदेश का अनुपालन उपजिलाधिकारी (एसडीएम) बिलग्राम की उपस्थिति में राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर कराया। इस दौरान दोनों पक्षों की सहमति से कार्रवाई पूरी कराई गई।
जानकारी के अनुसार, यह प्रकरण दिवाकर मिश्रा पुत्र प्रेमचंद्र मिश्रा से संबंधित था। वादी का कहना था कि न्यायालय द्वारा मेड़बंदी का आदेश पारित होने के बावजूद करीब डेढ़ वर्ष तक उसका अनुपालन नहीं हो सका था। उनका आरोप था कि विपक्षी पक्ष के विरोध के कारण आदेश का क्रियान्वयन लगातार टलता रहा, जिससे उन्हें मानसिक और आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।
गुरुवार को उपजिलाधिकारी बिलग्राम, तहसीलदार एवं राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर अभिलेखों और न्यायालय के आदेश के आधार पर मेड़बंदी की कार्रवाई कराई।
उपजिलाधिकारी ने बताया कि वर्तमान नक्शे में तकनीकी त्रुटि (शीट/सेट छोटी होने) के कारण पूरी भूमि का सीमांकन कर कब्जा दिलाना फिलहाल संभव नहीं है। पहले नक्शे का शुद्धिकरण कराया जाएगा, जिसके बाद पुनः पैमाइश कराकर शेष भूमि के संबंध में भी नियमानुसार कार्रवाई करते हुए कब्जा दिलाया जाएगा। फिलहाल उपलब्ध अभिलेखों के अनुसार भूमि का कब्जा लेने की सलाह दी गई।
इस पर दिवाकर मिश्रा ने अधिकारियों के सुझाव से सहमति जताते हुए कहा कि वह फिलहाल उपलब्ध भूमि स्वीकार करते हैं तथा नक्शा शुद्धिकरण के बाद शेष भूमि के संबंध में आगे की कार्रवाई कराई जाएगी।
कार्रवाई पूरी होने के बाद दिवाकर मिश्रा ने उपजिलाधिकारी, तहसीलदार एवं राजस्व विभाग की टीम का आभार व्यक्त किया। वहीं स्थानीय लोगों ने भी लंबे समय से लंबित राजस्व विवाद के निस्तारण पर संतोष जताते हुए प्रशासन की पहल की सराहना की।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)