हंगामे के बीच शुरू हुआ यूपी विधानसभा का बजट सत्र, राज्यपाल के भाषण के दौरान गूंजे ‘गो बैक’ के नारे

Monday, February 9, 2026 - 12:24
0
हंगामे के बीच शुरू हुआ यूपी विधानसभा का बजट सत्र, राज्यपाल के भाषण के दौरान गूंजे ‘गो बैक’ के नारे

लखनऊ (आरएनआई)। उत्तर प्रदेश विधानमंडल का बजट सत्र सोमवार को राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के अभिभाषण के साथ शुरू हुआ। सत्र की शुरुआत के साथ ही सदन में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली। समाजवादी पार्टी के विधायकों ने पहले से तय कार्यक्रम के तहत सरकार के खिलाफ जमकर हंगामा किया और ‘गो बैक, गो बैक’ के नारे लगाए।

राज्यपाल के भाषण के दौरान विपक्षी विधायक लगातार नारेबाजी करते रहे, जिससे सदन का माहौल गरमा गया। हंगामे के बीच राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने अपना अभिभाषण जारी रखा और कहा कि प्रदेश में करीब छह करोड़ लोगों को गरीबी से मुक्ति दिलाई गई है। विपक्ष के शोर-शराबे के बावजूद उन्होंने सरकार की उपलब्धियों को सदन के सामने रखा।

बजट सत्र की शुरुआत से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मीडिया से बातचीत की और सरकार का एजेंडा साझा किया। उन्होंने कहा कि विधानमंडल लोकतंत्र का एक अहम स्तंभ है और यह संवाद से चलता है, न कि कार्यवाही में बाधा डालने से। सीएम ने कहा कि अगर कोई सदस्य किसी मुद्दे को उठाना चाहता है, तो सदन की कार्यवाही में रुकावट डालना उसी मुद्दे को कमजोर करने जैसा है, जिस पर वह ध्यान आकर्षित करना चाहता है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यह भी बताया कि राज्यपाल के अभिभाषण के बाद उत्तर प्रदेश का आर्थिक सर्वे सदन में पेश किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह पहली बार है जब कोई राज्य सरकार अपनी आर्थिक उपलब्धियों को इस तरह से प्रस्तुत कर रही है। सीएम के अनुसार, सरकार यह बताना चाहती है कि किस तरह उत्तर प्रदेश को पिछड़ेपन से निकालकर भारतीय अर्थव्यवस्था में एक मजबूत और महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले राज्य के रूप में स्थापित किया गया है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के जनप्रतिनिधियों और जनता को उत्तर प्रदेश की आर्थिक प्रगति और विकास यात्रा की पूरी जानकारी मिलनी चाहिए। इन्हीं सभी पहलुओं को शामिल करते हुए आर्थिक सर्वे रिपोर्ट सदन में रखी जाएगी, जिस पर राज्यपाल के भाषण और बजट चर्चा के दौरान विस्तार से विमर्श होगा।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User