सेंसेक्स 418 अंक की छलांग के साथ पहली बार 63,000 अंक के पार, निफ्टी का भी नया रिकॉर्ड

वैश्विक बाजारों के काफी हद तक सकारात्मक रहने और विदेशी निवेशकों का उत्साह बरकरार रहने से बुधवार को घरेलू शेयर बाजारों में लगातार सातवें कारोबारी दिन तेजी का सिलसिला जारी रहा और मानक सूचकांक सेंसेक्स पहली बार 63,000 अंक से ऊपर बंद हुआ।

Wednesday, November 30, 2022 - 23:30
0
सेंसेक्स 418 अंक की छलांग के साथ पहली बार 63,000 अंक के पार, निफ्टी का भी नया रिकॉर्ड

मुंबई, 30 नवंबर 2022, (आरएनआई)। वैश्विक बाजारों के काफी हद तक सकारात्मक रहने और विदेशी निवेशकों का उत्साह बरकरार रहने से बुधवार को घरेलू शेयर बाजारों में लगातार सातवें कारोबारी दिन तेजी का सिलसिला जारी रहा और मानक सूचकांक सेंसेक्स पहली बार 63,000 अंक से ऊपर बंद हुआ।

बीएसई का 30 शेयरों वाला सूचकांक सेंसेक्स 417.81 अंक यानी 0.67 प्रतिशत चढ़कर 63,099.65 अंक पर बंद हुआ। यह सेंसेक्स का नया रिकॉर्ड स्तर है और पहली बार यह 63,000 अंक के पार बंद हुआ है। कारोबार के दौरान सेंसेक्स एक समय 621.17 अंक तक उछलकर 63,303.01 अंक तक पहुंच गया था जो इसका अबतक का उच्चतम स्तर है।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के सूचकांक निफ्टी ने भी तेजी के इस दौर में 140.30 अंक यानी 0.75 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की। निफ्टी कारोबार के अंत में 18,758.35 अंक पर बंद हुआ जो इसका नया रिकॉर्ड है।

सेंसेक्स में शामिल कंपनियों में से महिंद्रा एंड महिंद्रा, अल्ट्राटेक सीमेंट, पावरग्रिड, हिंदुस्तान यूनिलीवर, भारती एयरटेल, एशियन पेंट्स, टाटा स्टील और टाइटन सर्वाधिक लाभ में रहीं।

इसके उलट इंडसइंड बैंक, भारतीय स्टेट बैंक, एचसीएल टेक्नोलॉजीज और आईटीसी के शेयर नुकसान में रहे।

बीएसई का ‘मिडकैप’ सूचकांक 1.06 प्रतिशत बढ़ा जबकि ‘स्मॉलकैप’ सूचकांक में 0.61 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई।

जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) का निवेश आने से घरेलू बाजार में बढ़त जारी रही। हालांकि, बाजार की नजरें फेडरल रिजर्व के प्रमुख जेरोम पावेल के संबोधन पर टिकी रहेंगी। अगर पावेल ब्याज दरों में बढ़ोतरी की रफ्तार सुस्त करने के संकेत देते हैं तो इस तेजी को और बल मिलेगा।’’

कोटक सिक्योरिटीज लिमिटेड के इक्विटी शोध (खुदरा) प्रमुख श्रीकांत चौहान ने कहा, "एफआईआई की लिवाली के जोर पकड़ने से कारोबारी धारणा मजबूत रही और सूचकांक नई ऊंचाई पर पहुंच गए। दूसरी तिमाही के जीडीपी आंकड़े अनुकूल रहने की उम्मीद ने भी इसमें योगदान दिया।"

एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, चीन का शंघाई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि जापान के सूचकांक निक्की में गिरावट रही।

यूरोप के शेयर बाजारों में दोपहर के सत्र में बढ़त दर्ज की गई। अमेरिकी बाजारों में मंगलवार को मिला-जुला रुख रहा था।

अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड 1.83 प्रतिशत चढ़कर 84.55 डॉलर प्रति बैरल के भाव पर था।

इस बीच, विदेशी निवेशकों ने घरेलू बाजारों में खरीदारी का सिलसिला जारी रखा है। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, एफआईआई ने मंगलवार को 1,241.57 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों की शुद्ध खरीदारी की।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User