सुप्रीम कोर्ट में पहली बार 37 जज, CJI सूर्यकांत ने पांच नए न्यायाधीशों को दिलाई शपथ
भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत ने मंगलवार को सुप्रीम कोर्ट के पांच नए न्यायाधीशों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इन नियुक्तियों के साथ ही देश की सर्वोच्च अदालत में न्यायाधीशों की संख्या बढ़कर 37 हो गई है, जो अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा है। वर्तमान में स्वीकृत 38 पदों में से अब केवल एक पद रिक्त है।
शपथ लेने वाले नए न्यायाधीशों में वरिष्ठ अधिवक्ता वेंकिता सुब्रमणि मोहना, बॉम्बे हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस श्री चंद्रशेखर, पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस शील नागू, मध्य प्रदेश हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस संजीव सचदेवा तथा जम्मू-कश्मीर एवं लद्दाख हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस अरुण पल्ली शामिल हैं।
इन नियुक्तियों की सिफारिश सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने 27 मई को की थी, जिसे केंद्र सरकार ने मात्र चार दिनों के भीतर मंजूरी दे दी। खास बात यह है कि वरिष्ठ अधिवक्ता वेंकिता सुब्रमणि मोहना सीधे बार से सुप्रीम कोर्ट की न्यायाधीश नियुक्त होने वाली देश की दूसरी महिला बनी हैं, जो भारतीय न्यायपालिका के इतिहास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।
गौरतलब है कि हाल ही में केंद्र सरकार ने एक अध्यादेश के माध्यम से सुप्रीम कोर्ट में न्यायाधीशों की स्वीकृत संख्या 34 से बढ़ाकर 38 कर दी थी। नई नियुक्तियों के बाद लंबित मामलों के तेजी से निपटारे और न्यायिक कार्यों में और अधिक गति आने की उम्मीद जताई जा रही है।
हालांकि, जून महीने में दो न्यायाधीशों के सेवानिवृत्त होने से फिर दो पद रिक्त हो जाएंगे। जस्टिस पंकज मिथल 16 जून और जस्टिस जे.के. माहेश्वरी 28 जून को सेवानिवृत्त होने वाले हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)