सऊदी बस हादसा: नमाज-ए-जनाजा के लिए हैदराबाद से रवाना होंगे करीब 50 परिजन; तेलंगाना सरकार की टीम राहत कार्य में जुटी
हैदराबाद (आरएनआई)। सऊदी अरब में हुए भीषण बस हादसे में मारे गए श्रद्धालुओं के नमाज-ए-जनाजा में शामिल होने के लिए तेलंगाना के लगभग 50 परिजन मंगलवार को खाड़ी देश के लिए रवाना होंगे। इसी बीच, तेलंगाना सरकार की एक विशेष टीम भी सऊदी अरब पहुंच चुकी है, जो राहत कार्यों के साथ-साथ सामूहिक जनाजे की तैयारियों का निरीक्षण कर रही है।
इस टीम का नेतृत्व अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री मोहम्मद अजहरुद्दीन कर रहे हैं। अधिकारियों के अनुसार, गुरुवार को सामूहिक नमाज-ए-जनाजा आयोजित होने की संभावना है। हादसे में झुलस चुके कई शवों की शिनाख्त नहीं हो पाई है, जिनको सुरक्षित रखा गया है। शवों की पहचान सुनिश्चित करने के लिए सऊदी जाने वाले परिजनों का डीएनए परीक्षण कराया जाएगा। डीएनए मिलान के बाद ही मृतकों के मृत्यु प्रमाण पत्र जारी किए जाएंगे, जो कानूनी प्रक्रिया का अनिवार्य हिस्सा है।
अधिकारियों ने बताया कि सऊदी सरकार मृतकों के परिजनों को पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने पर सहमत हुई है। इसके साथ ही, तेलंगाना सरकार और यात्रा बीमा से मिलने वाली राशि अलग से प्रदान की जाएगी। राज्य सरकार का राजस्व विभाग भी परिजनों को आवश्यक दस्तावेज मुहैया कराने में सहयोग करेगा।
इस दर्दनाक हादसे में अब तक कुल 42 श्रद्धालुओं की मौत की पुष्टि हुई है, जिनमें अधिकांश तेलंगाना के निवासी थे। हालांकि हैदराबाद पुलिस आयुक्त वी.सी. सज्जनार ने मृतकों की संख्या 45 बताई थी। तेलंगाना सरकार ने घोषणा की है कि मृतकों का जनाजा सऊदी अरब में स्थानीय धार्मिक परंपराओं के अनुसार ही आयोजित किया जाएगा।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



