वोट चोरी के आरोपों पर बोले अंबादास दानवे: राहुल ने सच उजागर किया, चुनाव आयोग दे जवाब

राहुल गांधी के वोट चोरी के आरोपों ने सियासत में हलचल मचा दी है। ऐसे में शिवसेना (यूबीटी) नेता अंबादास दानवे ने राहुल गांधी के आरोपों को पुख्ता बताते हुए चुनाव आयोग से जवाब मांगा है। उन्होंने कहा कि राहुल ने सच उजागर किया है, आयोग को सफाई देनी चाहिए, राजनीतिक बातें नहीं।

Sep 20, 2025 - 10:31
 0  108
वोट चोरी के आरोपों पर बोले अंबादास दानवे: राहुल ने सच उजागर किया, चुनाव आयोग दे जवाब

मुंबई (आरएनआई) कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की तरफ से चुनाव आयोग और केंद्र सरकार पर लगाए गए वोट चोरी के आरोपों ने देशभर की सियासत में गर्माहट तेज कर दी है। मामले में आरोप-प्रत्यारोप भी अपने चरम पर है। इसी बीच शिवसेना (यूबीटी) के नेता अंबादास दानवे ने भी राहुल गांधी के आरोपों को सही बताते हुए चुनावों में कथित वोट घोटाले को लेकर चुनाव आयोग से स्पष्टीकरण मांगा है। उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा लगाए गए आरोपों को पुख्ता सबूतों पर आधारित बताया और चुनाव आयोग पर राजनीतिक बातें करने का आरोप लगाया।

मामले में दावने ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि आरोप बेबुनियाद नहीं हैं। राहुल गांधी ने सब कुछ ठोस सबूतों के साथ पेश किया है। उन्होंने कोई आरोप नहीं लगाया है, बल्कि सच को सामने लाया है। चुनाव आयोग को इस पर सफाई देनी चाहिए ना कि राजनीतिक भाषा बोलनी चाहिए।

इससे पहले कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने भी चुनाव आयोग से तीखे सवाल पूछे थे। उन्होंने कहा था कि आयोग कर्नाटक की अपराध जांच विभाग (सीआईडी) के सवालों का जवाब क्यों नहीं दे रहा है। उन्होंने कहा कि हम चुनाव आयोग से सिर्फ एक मूल सवाल पूछ रहे हैं, वे कर्नाटक सीआईडी को जानकारी क्यों नहीं दे रहे, जो अकलकोट में वोट चोरी के आरोपों की जांच कर रही है?

बता दें कि बीते 18 सितंबर को दिल्ली में प्रेस वार्ता में राहुल गांधी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर आरोप लगाया कि वे भारतीय लोकतंत्र को खत्म करने वालों की रक्षा कर रहे हैं। राहुल गांधी ने कहा कि कुछ समूह कांग्रेस को वोट देने वाले अल्पसंख्यकों के वोटों को सुनियोजित तरीके से काट रहे हैं।

उन्होंने दावा किया कि कर्नाटक की अलंद विधानसभा सीट में कम से कम 6,018 वोट हटाए गए हैं। उन्होंने कहा कि एक बूथ स्तर की अधिकारी को पता चला कि उसके चाचा का वोट गायब है। जब उसने जांच की तो पाया कि उसका पड़ोसी खुद ही लोगों के वोट काट रहा था। ये सब एक संयोग से पकड़ा गया।

हालांकि एक बार फिर चुनाव आयोग ने राहुल गांधी के आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया। आयोग ने कहा कि कोई भी आम व्यक्ति ऑनलाइन वोट नहीं हटा सकता। आयोग ने स्पष्ट किया कि मतदाता फॉर्म-7 भरकर किसी नाम को हटाने का आवेदन कर सकता है, लेकिन यह ऑटोमैटिक नहीं होता। नाम हटाने से पहले संबंधित व्यक्ति को नोटिस दिया जाता है और उसका पक्ष सुनने का मौका मिलता है।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.