लोकसभा से पास हुआ ऐतिहासिक बिल: अमरावती बनेगी आंध्र प्रदेश की स्थायी राजधानी, पक्ष-विपक्ष का मिला समर्थन

Wednesday, April 1, 2026 - 17:06
0
लोकसभा से पास हुआ ऐतिहासिक बिल: अमरावती बनेगी आंध्र प्रदेश की स्थायी राजधानी, पक्ष-विपक्ष का मिला समर्थन

नई दिल्ली (आरएनआई)। संसद के इतिहास में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए लोकसभा ने अमरावती को आंध्र प्रदेश की स्थायी राजधानी बनाने वाले विधेयक को पारित कर दिया है। आजाद भारत में यह पहला मौका है जब किसी शहर को राज्य की राजधानी घोषित करने के लिए संसद में विधेयक लाया गया और उसे मंजूरी मिली।

बुधवार को पारित हुए ‘आंध्र प्रदेश पुनर्गठन (संशोधन) विधेयक, 2026’ को भाजपा, तेदेपा (टीडीपी) और कांग्रेस का समर्थन मिला, जबकि राज्य की प्रमुख विपक्षी पार्टी वाईएसआर कांग्रेस ने इसका विरोध किया। इस बिल के पास होने के साथ ही अमरावती को कानूनी रूप से आंध्र प्रदेश की एकमात्र और स्थायी राजधानी का दर्जा मिल जाएगा।

लोकसभा में बहस के दौरान कांग्रेस सांसद मनिकम टैगोर ने बिल का समर्थन करते हुए कहा कि अमरावती को बेंगलुरु, चेन्नई और हैदराबाद की तर्ज पर विकसित किया जाना चाहिए। साथ ही उन्होंने आंध्र प्रदेश को विशेष राज्य का दर्जा देने की मांग भी दोहराई।

वहीं, तेदेपा सांसद और केंद्रीय राज्यमंत्री चंद्र शेखर पेम्मासानी ने सभी दलों से अपील की कि इस बिल को सर्वसम्मति से पारित किया जाए, ताकि राज्य को स्थायी राजधानी मिल सके। भाजपा सांसद सीएम रमेश ने इसे ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि अब अमरावती की राजधानी की स्थिति को कोई बदल नहीं सकेगा। उन्होंने पूर्ववर्ती वाईएसआरसीपी सरकार की तीन राजधानियों की योजना को अव्यावहारिक बताया।

हालांकि वाईएसआर कांग्रेस ने इस विधेयक का विरोध करते हुए किसानों के मुद्दे उठाए। पार्टी सांसद पीवी मिधुन रेड्डी ने कहा कि अमरावती परियोजना के लिए करीब 34,000 एकड़ भूमि देने वाले किसानों को अब तक वादे के मुताबिक लाभ नहीं मिला है, और बिना उनकी सुरक्षा व मुआवजे की स्पष्ट व्यवस्था के यह बिल अधूरा है।

गौरतलब है कि 2014 में आंध्र प्रदेश के पुनर्गठन के बाद हैदराबाद को 10 वर्षों के लिए आंध्र प्रदेश और तेलंगाना की साझा राजधानी बनाया गया था। इसके बाद तेलंगाना की स्थायी राजधानी हैदराबाद रही, जबकि आंध्र प्रदेश के लिए नई राजधानी का चयन लंबित था। अब इस विधेयक के लागू होने के बाद अमरावती को आधिकारिक रूप से राज्य की राजधानी का दर्जा मिल जाएगा।

इस फैसले को आंध्र प्रदेश के प्रशासनिक और विकासात्मक भविष्य के लिए एक बड़ा कदम माना जा रहा है, जिससे राज्य में स्थिरता और निवेश के नए अवसर खुलने की उम्मीद है।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User