लखनऊ ‘नीले ड्रम कांड’ में चौंकाने वाला खुलासा: पिता की हत्या के बाद सामान्य बना माहौल, पनीर-मिठाई लाया आरोपी बेटा
लखनऊ (आरएनआई)। लखनऊ में कारोबारी और पैथोलॉजी संचालक की हत्या के मामले—जिसे ‘नीले ड्रम कांड’ के नाम से जाना जा रहा है—में जांच के दौरान कई हैरान करने वाले तथ्य सामने आए हैं। पुलिस के मुताबिक, पिता की हत्या के बाद आरोपी बेटा अक्षत पूरी तरह सामान्य व्यवहार करता रहा, ताकि घर में किसी को वारदात की भनक न लगे।
जांच में पता चला है कि हत्या के बाद अक्षत बाजार से पनीर और मिठाई खरीदकर घर लौटा। परिवार के लिए भोजन बनाने वाली उसकी चाची ने पनीर से खाना तैयार किया और अक्षत ने अन्य सदस्यों के साथ सामान्य तरीके से भोजन किया। मिठाई भी बांटी गई, जिससे किसी को शक न हो कि घर के भीतर कोई गंभीर अपराध हुआ है।
वारदात के वक्त आरोपी की बहन कक्षा 11 की छात्रा कृति भी कमरे में मौजूद थी। आरोप है कि पिता की मौत के बाद अक्षत ने उसे धमकाकर चुप रहने को मजबूर किया। भय के कारण कृति अगले दिन परीक्षा देने स्कूल भी गई, लेकिन उसने न तो शिक्षकों से और न ही सहेलियों से कुछ साझा किया। वह चुपचाप घर लौट आई और घटनाक्रम लंबे समय तक सामने नहीं आ सका।
पुलिस और कॉलोनी के लोगों के अनुसार, मृतक मानवेंद्र सिंह बच्चों से बेहद स्नेह रखते थे। बच्चों की परवरिश और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए उन्होंने दूसरी शादी नहीं की थी और अक्सर बच्चों के कमरे में ही सोते थे। इसी भरोसे के बीच यह वारदात सामने आना सभी के लिए गहरा आघात बन गया।
हत्या के छह दिन बाद बुधवार को मानवेंद्र सिंह का अंतिम संस्कार वीआईपी रोड स्थित बैकुंठ धाम में किया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव घर लाया गया, जहां परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मां बार-बार बेसुध होती रहीं और कॉलोनी के लोगों की आंखें भी नम हो गईं।
बुधवार शाम आरोपी अक्षत को जिला कारागार भेज दिया गया। जेल पहुंचने के बाद उसके व्यवहार को लेकर भी असामान्य गतिविधियों की जानकारी सामने आई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच हर पहलू से जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)