रेत के ढेर में दबने से मजदूर की मौत, डंपर लोडिंग के दौरान हुआ दर्दनाक हादसा
लालकुआं। चौफुला-कठघरिया मार्ग पर रविवार को हुए एक दर्दनाक हादसे में 30 वर्षीय मजदूर पवन सिंह की रेत के ढेर में दबने से मौत हो गई। घटना का खुलासा उस समय हुआ जब मजदूर रेत हटाने का काम कर रहे थे और उन्हें रेत के नीचे दबा एक हाथ दिखाई दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, लालकुआं निवासी पवन सिंह रोज की तरह मजदूरी के लिए काम पर गया था। बताया जा रहा है कि डंपर में रेत भरने के दौरान वह रेत को गिरने से रोकने के लिए किनारों पर कट्टे लगा रहा था। इसी दौरान कथित तौर पर जेसीबी चालक ने बिना यह सुनिश्चित किए कि डंपर के पास कोई मौजूद है या नहीं, रेत डालना शुरू कर दिया। देखते ही देखते पवन रेत के नीचे दब गया और किसी की नजर उस पर नहीं पड़ी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, डंपर पूरी तरह भर जाने के बाद भी किसी को इस बात का अंदाजा नहीं हुआ कि एक मजदूर उसके भीतर दबा हुआ है। बाद में जब रेत को उतारा जा रहा था, तब मजदूरों ने फावड़े से रेत हटाते समय पवन का हाथ देखा। यह देखकर मौके पर अफरा-तफरी मच गई और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि डंपर लोड करते समय या उसके बाद एक बार ठीक से जांच कर ली जाती, तो संभव है कि पवन की जान बचाई जा सकती थी। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों के साथ-साथ सुरक्षा मानकों के पालन की भी जांच की जा रही है। दोषियों की जिम्मेदारी तय करने के लिए संबंधित पक्षों से पूछताछ की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)