यूपी में दिसंबर की दस्तक के साथ बढ़ी ठिठुरन, पछुआ हवाएँ गिराएंगी रात का तापमान; अगले दो दिनों के लिए पूर्वानुमान जारी
लखनऊ (आरएनआई)। दिसंबर की शुरुआत के साथ ही उत्तर प्रदेश में ठंड ने रफ्तार पकड़ ली है। प्रदेश में पछुआ हवाओं की तेज़ी ने मौसम को अचानक सर्द कर दिया है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो से तीन दिनों में दिन और रात, दोनों के तापमान में 2 से 4 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है।
रविवार को पूरे प्रदेश में 25 से 30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से पछुआ हवाएँ चलीं, जिनके चलते सर्दी का असर स्पष्ट रूप से महसूस किया गया। सोमवार से ठंड में और इजाफा देखने को मिला। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि प्रदेश में उत्तरी पछुआ हवाओं का प्रभाव बढ़ने लगा है, जिसके कारण आगामी दिनों में न्यूनतम तापमान में गिरावट के आसार हैं।
रविवार को बरेली 8 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ प्रदेश का सबसे ठंडा शहर रहा। इटावा में रात का तापमान 9.4 डिग्री और नजीबाबाद में 9.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि अगले दो दिनों में पूरे प्रदेश में पछुआ हवाओं का प्रभाव और गहरा होगा, जिससे सुबह-शाम की ठिठुरन बढ़ेगी। मंगलवार की सुबह तराई क्षेत्र समेत कई इलाकों में हल्के से मध्यम कोहरे की संभावना भी जताई गई है।
राजधानी लखनऊ में भी रविवार को दिन भर चली तेज पछुआ हवाओं ने धूप की गर्माहट कम कर दी। इसके चलते दिन के तापमान में 1.1 डिग्री की गिरावट दर्ज हुई और शाम तक हवा में गलन बढ़ गई। रविवार को लखनऊ में अधिकतम तापमान 26.6 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान 12.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दो से तीन दिन उत्तर प्रदेश में ठंड और कोहरे की वापसी के संकेत दे रहे हैं। तापमान में गिरावट और पछुआ हवाओं की सक्रियता के कारण प्रदेश में ठिठुरन और बढ़ सकती है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



