नई दिल्ली (आरएनआई)। राजधानी के महिपालपुर इलाके में अवैध रूप से गैस सिलिंडरों का भंडारण और कालाबाजारी करने वाले एक गैंग का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। दक्षिण-पश्चिम जिला पुलिस की वाहन चोरी निरोधक शाखा ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है और बड़ी मात्रा में सिलिंडर समेत अन्य उपकरण बरामद किए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कृष्णा, दिनेश साहू और मिथिलेश के रूप में हुई है। इनके कब्जे से 74 एलपीजी सिलिंडर, जिनमें चार कमर्शियल सिलिंडर शामिल हैं, एक टाटा एस गोल्ड वाहन, इलेक्ट्रॉनिक व हैंगिंग वेटिंग मशीनें और गैस ट्रांसफर करने के उपकरण बरामद किए गए हैं।
जिला पुलिस उपायुक्त अमित गोयल के मुताबिक, पुलिस को सूचना मिली थी कि महिपालपुर क्षेत्र में गैस सिलिंडरों की कालाबाजारी की जा रही है। सूचना की पुष्टि के बाद 21 मार्च को के ब्लॉक स्थित एक मकान पर छापेमारी की गई, जहां भारी मात्रा में सिलिंडर पाए गए। मौके से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों के पास गैस भंडारण या बिक्री से जुड़ा कोई वैध लाइसेंस नहीं था। वे बिना बिल के स्थानीय लोगों को सिलिंडर बेचते थे और अधिक मुनाफा कमाने के लिए भरे हुए सिलिंडरों से गैस निकालकर दूसरे सिलिंडरों में भरते थे। इस काम के लिए पाइप का इस्तेमाल किया जाता था और सप्लाई के लिए टाटा एस वाहन का उपयोग किया जाता था।
पुलिस जांच में यह भी पता चला है कि तीनों आरोपी मूल रूप से बिहार के बांका जिले के रहने वाले हैं और पिछले 20-25 वर्षों से दिल्ली में रह रहे थे। बीते करीब तीन साल से वे इस अवैध कारोबार में सक्रिय थे। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
Comments (0)