मथुरा के पत्रकार की बाइक नंबर प्लेट का फर्जी इस्तेमाल, हरियाणा में कटा ई-चालान; एसएसपी से एफआईआर की मांग
मथुरा (आरएनआई) मथुरा के एक पत्रकार की मोटरसाइकिल की नंबर प्लेट का कथित रूप से फर्जी इस्तेमाल कर हरियाणा के पलवल में ई-चालान काटे जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित पत्रकार ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) मथुरा को प्रार्थना पत्र देकर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
दैनिक हिंदी जिलानज़र समाचार पत्र के ब्यूरो चीफ राहुल गौड़ ने बताया कि उनकी हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल (पंजीकरण संख्या यूपी 85 बीए-2595) के नाम पर 19 फरवरी 2025 को पलवल (हरियाणा) में 1,000 रुपये का ई-चालान दर्ज मिला। ई-चालान की फोटो देखने पर उन्हें पता चला कि चालान में दिखाई गई बाइक उनकी नहीं है।
राहुल गौड़ के अनुसार, उनकी मोटरसाइकिल पर वैध हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (एचएसआरपी) लगी हुई है, जबकि चालान में दिखाई गई बाइक पर सामान्य नंबर प्लेट लगी है। इसके अलावा चालान वाली बाइक का रंग ब्लैक-रेड है, जबकि उनकी बाइक ब्लैक-ब्लू रंग की है। फोटो में दिखाई दे रहे दोनों व्यक्ति भी उनके परिचित नहीं हैं।
पीड़ित का कहना है कि उनकी बाइक कभी मथुरा से बाहर नहीं गई, इसलिए पलवल में उसका होना संभव नहीं है। उन्होंने आशंका जताई कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनकी वाहन संख्या की फर्जी नंबर प्लेट बनाकर उसका अवैध उपयोग किया है, जिससे भविष्य में किसी अपराध, दुर्घटना या अन्य गैरकानूनी गतिविधि में उन्हें फंसाए जाने का खतरा है।
राहुल गौड़ ने एसएसपी मथुरा से मांग की है कि अज्ञात आरोपी के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच कराई जाए। साथ ही पलवल ट्रैफिक पुलिस से ई-चालान की मूल फोटो और वीडियो मंगाकर आरोपी की पहचान की जाए, फर्जी नंबर प्लेट का इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो तथा जांच में उनकी बेगुनाही साबित होने पर ई-चालान निरस्त कर उन्हें विधिक संरक्षण प्रदान किया जाए।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)