नीतीश कुमार ने ली लगातार 10वीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ, 26 मंत्रियों के साथ नई सरकार का गठन

Nov 20, 2025 - 15:12
 0  567
नीतीश कुमार ने ली लगातार 10वीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ, 26 मंत्रियों के साथ नई सरकार का गठन

पटना (आरएनआई) बिहार की राजनीति में आज एक ऐतिहासिक दिन दर्ज हुआ, जब एनडीए गठबंधन के नेता नीतीश कुमार ने लगातार 10वीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। पटना के गांधी मैदान में आयोजित भव्य समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, कई केंद्रीय मंत्री, एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और शीर्ष नेता मौजूद रहे। इसी दौरान एनडीए के 26 मंत्रियों ने भी मंत्री पद की शपथ ली। सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा को एक बार फिर उपमुख्यमंत्री बनाया गया।

शपथ ग्रहण के बाद राज्य में राजनीतिक माहौल काफी गर्म देखने को मिला। पूर्व उपमुख्यमंत्री और राजद नेता तेजस्वी यादव ने नीतीश कुमार को बधाई दी। उन्होंने आशा व्यक्त की कि नई सरकार जनता की अपेक्षाओं पर खरी उतरेगी, अपने वादों को पूरा करेगी और बिहार में सकारात्मक बदलाव लाएगी।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार भी समारोह में उपस्थित रहे। उन्होंने जनता को “ऐतिहासिक जनादेश” और विशेष रूप से महिलाओं के “अद्वितीय योगदान” के लिए धन्यवाद दिया। हालांकि, उन्होंने अपने राजनीतिक भविष्य से जुड़े सवालों पर कोई स्पष्ट प्रतिक्रिया देने से परहेज किया।

भारतीय जनता पार्टी से श्रेयसी सिंह ने भी मंत्री पद की शपथ ली। उन्होंने अपने निर्वाचन क्षेत्र जमुई की जनता का आभार जताते हुए कहा कि मंत्रिमंडल में युवाओं और अनुभवी नेताओं का संयुक्त चयन विकास के प्रयासों को मजबूती देगा।

शपथ ग्रहण समारोह के दौरान भाजपा नेता और केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि बिहार की जीत एनडीए की बड़ी सफलता है और पार्टी अब अगले लक्ष्य के रूप में बंगाल की ओर देख रही है। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नीतीश कुमार पर अपना विश्वास फिर जताया है, इसलिए सरकार की जिम्मेदारियाँ और भी बढ़ गई हैं।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और नवनियुक्त मंत्री दिलीप जायसवाल ने कहा कि यह ‘विकसित बिहार’ के सपने को साकार करने का समय है। उन्होंने कहा कि राज्य की नई सरकार की प्राथमिकता कानून व्यवस्था को मजबूत करते हुए बिहार को विकास की ओर आगे ले जाने की है।

शपथ ग्रहण समारोह के दौरान राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने एक-एक करके मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। नीतीश मंत्रिमंडल में प्रमुख रूप से शामिल होने वाले नामों में सम्राट चौधरी, विजय कुमार सिन्हा, बिजेंद्र प्रसाद यादव, श्रवण कुमार, मंगल पांडेय, लेशी सिंह, नितिन नवीन, संजय सिंह ‘टाइगर’, जमा खान, सुमित निषाद, नारायण प्रसाद, दीपक प्रकाश, प्रमोद कुमार और अन्य 26 नेता शामिल रहे।

नई सरकार के गठन के साथ ही बिहार में एनडीए ने एक बार फिर सत्ता में मजबूती के साथ वापसी की है, और अब उम्मीद की जा रही है कि राज्य में विकास, सुशासन और स्थिर प्रशासन की दिशा में तेज गति से काम आगे बढ़ेगा।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.