टेक ऑफ के दौरान अनियंत्रित हुआ मिनी जेट, रनवे से उतरकर झाड़ियों में घुसा; बड़ा हादसा टला
फर्रुखाबाद (आरएनआई)। फर्रुखाबाद के खिमसेपुर औद्योगिक क्षेत्र में गुरुवार को बड़ा हवाई हादसा टल गया। उड़ान भरते समय एक मिनी जेट विमान अनियंत्रित होकर रनवे से फिसल गया और हवाई पट्टी की झाड़ियों में जा घुसा। हादसे में सवार उद्योगपति और उनका परिवार सुरक्षित बच गया।
सूत्रों के मुताबिक, यह मिनी जेट “वी टी-डेज” जेट सर्विस एविएशन प्राइवेट लिमिटेड का था और इसमें वुडपैकर ग्रीन एनर्जी न्यूट्री प्रा. लि. के डीएमडी अजय अरोड़ा, एसबीआई हेड सुमित शर्मा, बीपीओ राकेश टीकू, कैप्टन नसीब बामल और कैप्टन प्रतीक फर्नांडीज सवार थे। विमान ने लगभग 400 मीटर रनवे पर दौड़ने के बाद संतुलन खो दिया और बाउंड्री से टकराते हुए झाड़ियों में रुक गया।
जानकारी के अनुसार, विमान भोपाल से खिमसेपुर आया था और सुबह 10:30 बजे वापस भोपाल के लिए उड़ान भरने वाला था। हादसे के बाद स्थानीय प्रशासन और दमकल विभाग मौके पर पहुंच गए।
कारण के रूप में तकनीकी खामी सामने आई है। कंपनी के यूपी प्रोजेक्ट हेड मनीष कुमार पांडे ने बताया कि जेट के पहिए में हवा कम थी, जिसकी जानकारी पायलट को पहले से थी। इसके बावजूद उड़ान की कोशिश की गई, जिससे यह स्थिति बनी।
फायर ब्रिगेड अधिकारियों ने बताया कि उन्हें उड़ान की सूचना केवल आधे घंटे पहले दी गई थी, जबकि नियमानुसार 12 घंटे पूर्व जानकारी देना आवश्यक होता है। इसके अलावा ट्रेजरी फीस भी समय पर जमा नहीं की गई थी।
कंपनी के डीएमडी अजय अरोड़ा ने बताया कि अब वे आगरा से फ्लाइट लेकर भोपाल जाएंगे। फिलहाल प्रशासन ने घटना की जांच शुरू कर दी है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



