खामेनेई की मौत पर पाकिस्तान में उबाल: कराची में अमेरिकी वाणिज्य दूतावास के पास हिंसक झड़प, 10 की मौत; 30 घायल
इस्लामाबाद (आरएनआई)। ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्लाह अली खामेनेई की मौत के बाद पाकिस्तान के कराची शहर में हालात तनावपूर्ण हो गए। रविवार को माई कोलाची रोड स्थित अमेरिकी वाणिज्य दूतावास के बाहरी इलाके में प्रदर्शन हिंसक हो गया और प्रदर्शनकारियों की कानून-व्यवस्था बलों से झड़प हो गई।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस हिंसक टकराव में 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि 30 से अधिक लोग घायल हुए हैं। कराची सिविल अस्पताल की मुख्य सर्जन सुमैया सैयद ने बताया कि मृतकों के शव अस्पताल लाए गए हैं। हालांकि, पुलिस अधिकारियों ने मृतकों की संख्या और मौत के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े और लाठीचार्ज किया। घायलों को एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया। अधिकारियों के अनुसार, प्रदर्शनकारी दूतावास परिसर के बाहरी क्षेत्र तक पहुंचे थे, लेकिन उन्हें अंदर प्रवेश करने से पहले ही तितर-बितर कर दिया गया।
सिंध प्रांत के गृह मंत्री जियाउल हसन लांजर ने अतिरिक्त पुलिस महानिरीक्षक आजाद खान से घटना की विस्तृत रिपोर्ट तलब की है। प्रशासन ने पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी है और हालात पर नजर रखी जा रही है।
गौरतलब है कि 1989 में आयातुल्लाह रुहोल्लाह खुमैनी के निधन के बाद खामेनेई ईरान के सर्वोच्च नेता बने थे और तीन दशक से अधिक समय तक देश का नेतृत्व किया। उनकी मौत के बाद क्षेत्रीय स्तर पर व्यापक विरोध और तनाव की स्थिति बनी हुई है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)