कोरियाई एक्टर ली सांग-बो का निधन, घर में मृत पाए गए; लंबे समय से डिप्रेशन से जूझ रहे थे

Saturday, March 28, 2026 - 12:10
0
कोरियाई एक्टर ली सांग-बो का निधन, घर में मृत पाए गए; लंबे समय से डिप्रेशन से जूझ रहे थे

सियोल/प्योंगटेक (आरएनआई)। दक्षिण कोरिया के चर्चित अभिनेता Lee Sang-bo का निधन हो गया है। गुरुवार को प्योंगटेक स्थित उनके घर पर परिवार के एक सदस्य ने उन्हें मृत अवस्था में पाया। इस खबर के सामने आते ही उनके प्रशंसकों और फिल्म-टीवी इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है। उनकी मौत के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।

Lee Sang-bo की एजेंसी Korea Management Group (केएमजी) ने बयान जारी कर कहा कि उन्हें भी मीडिया के माध्यम से इस घटना की जानकारी मिली है और वे स्थिति को समझने की कोशिश कर रहे हैं।

बताया जा रहा है कि अभिनेता पिछले कुछ वर्षों से गहरे मानसिक तनाव और अवसाद से जूझ रहे थे। निजी जीवन में उन्होंने कई बड़ी त्रासदियों का सामना किया था। पहले उनके पिता का निधन हुआ, इसके बाद एक सड़क दुर्घटना में उनकी मां और बहन की भी मौत हो गई थी। इन घटनाओं के बाद वह लंबे समय तक डिप्रेशन का इलाज करा रहे थे और दवाएं ले रहे थे।

कुछ साल पहले Lee Sang-bo का नाम एक ड्रग्स मामले में भी सामने आया था, जिसमें उन पर गैर-कानूनी नशीले पदार्थ लेने का आरोप लगा था। हालांकि 2022 में जांच के बाद उन्हें पूरी तरह क्लीन चिट मिल गई थी। यह स्पष्ट हुआ था कि वे डॉक्टर द्वारा लिखी गई दवाएं ही ले रहे थे, जो उनके मानसिक स्वास्थ्य उपचार का हिस्सा थीं।

अपने करियर की शुरुआत उन्होंने 2006 में टीवी शो Invisible Man Choi Jang-soo से की थी। इसके बाद उन्होंने Golden Era of Daughters-in-Law, Bad Love, Private Lives, Rugal, Miss Monte-Cristo और Elegant Empire जैसे कई लोकप्रिय धारावाहिकों में काम किया। फिल्मों की बात करें तो Secretly Greatly और Mephisto जैसी फिल्मों में भी उनकी भूमिका को सराहा गया।

उनके निधन से कोरियाई मनोरंजन जगत को गहरा झटका लगा है। फैंस सोशल मीडिया पर उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं और उनके काम को याद कर रहे हैं।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User