कारगिल विजय दिवस पर सीएम भगवंत मान ने शहीदों को दी श्रद्धांजलि, पूर्व एयर चीफ मार्शल भी रहे मौजूद
चंडीगढ़। कारगिल विजय दिवस की 27वीं वर्षगांठ पर शनिवार को चंडीगढ़ के सेक्टर-3 स्थित वॉर मेमोरियल में श्रद्धांजलि समारोह आयोजित किया गया। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कारगिल युद्ध के वीर शहीदों को पुष्पचक्र अर्पित कर नमन किया। इस अवसर पर पूर्व एयर चीफ मार्शल बी.एस. धनोआ सहित सेना के कई वरिष्ठ और सेवानिवृत्त अधिकारी भी मौजूद रहे। बड़ी संख्या में छात्रों ने भी कार्यक्रम में भाग लेकर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कारगिल युद्ध में सर्वोच्च बलिदान देने वाले जवानों के साहस और शौर्य को याद करते हुए कहा कि देश उनके त्याग का सदैव ऋणी रहेगा। उन्होंने युवाओं से शहीदों के आदर्शों से प्रेरणा लेने और राष्ट्र सेवा के लिए आगे आने का आह्वान किया।
गौरतलब है कि 26 जुलाई 1999 को भारतीय सेना ने कारगिल युद्ध में पाकिस्तान समर्थित घुसपैठियों को खदेड़कर विजय प्राप्त की थी। यह युद्ध जम्मू-कश्मीर के दुर्गम पर्वतीय क्षेत्रों में लड़ा गया, जहां सर्दियों के दौरान तापमान माइनस 30 से 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाता है।
युद्ध की शुरुआत मई 1999 में घुसपैठ की सूचना मिलने के बाद हुई। भारतीय सेना की गश्ती टीम पर हमले में पांच जवान शहीद हो गए थे। इसके बाद पाकिस्तान समर्थित घुसपैठियों द्वारा द्रास, काकसर और बटालिक सेक्टर की कई ऊंची चोटियों पर कब्जा करने की कोशिश की गई। भारतीय सेना ने साहस और रणनीति के दम पर 'ऑपरेशन विजय' चलाकर सभी महत्वपूर्ण चौकियों को दोबारा अपने नियंत्रण में लिया और 26 जुलाई को विजय हासिल की।
कारगिल विजय दिवस पर देशभर में शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई और उनके अदम्य साहस, वीरता तथा राष्ट्र के प्रति समर्पण को याद किया गया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)