कानपुर में बारिश बनी आफत, जलभराव और जाम से बेहाल शहर; गड्ढों में गिरे वाहन, एंबुलेंस भी फंसी
कानपुर। शनिवार को हुई बारिश के बाद कानपुर शहर में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। कई प्रमुख इलाकों में भारी जलभराव और भीषण जाम की स्थिति बन गई। सड़कों पर पानी भर जाने से गड्ढे और खुले मैनहोल दिखाई नहीं दिए, जिससे कई दोपहिया वाहन चालक हादसे का शिकार हो गए। वहीं, फजलगंज क्षेत्र में जाम के कारण मरीज को लेकर जा रही एक एंबुलेंस भी लंबे समय तक फंसी रही।
बारिश के बाद गोविंदनगर स्थित एचडीएफसी बैंक से लेकर फजलगंज चौराहे तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। कई जगह जलभराव के कारण दोपहिया वाहनों के इंजन में पानी घुस गया, जिससे वाहन बीच सड़क पर बंद हो गए और यातायात और अधिक प्रभावित हो गया।
परमट क्षेत्र में बाबा आनंदेश्वर मंदिर से लौट रहे एक युवक की स्कूटी कॉरिडोर के पास पानी से भरे गड्ढे में जा घुसी। आसपास मौजूद लोगों ने उसे सुरक्षित बाहर निकाला और स्कूटी भी बाहर निकलवाई। इसी तरह गोविंदनगर में जलभराव के बीच एक बाइक सवार खुले नाले में गिर गया, जिसे स्थानीय लोगों ने समय रहते बाहर निकाल लिया।
स्वरूपनगर के दि चाट चौराहा, गोविंदनगर के चावला चौराहा और नंदलाल चौराहे सहित कई इलाकों में जलभराव से दुकानों में पानी घुस गया। निराला नगर, किदवई नगर, बगाही और अन्य क्षेत्रों में भी कई घरों में बारिश का पानी भर गया। पीएसी मोड़ पर दर्जनों दुकानों में पानी घुसने से व्यापारियों को नुकसान उठाना पड़ा।
बारिश के बाद कई स्थानों पर सीवर लाइन चोक होने से गंदा पानी सड़कों पर बहता रहा। स्थानीय लोगों ने नगर निगम के नालों की सफाई के दावों पर सवाल उठाते हुए कहा कि मानसून से पहले किए गए इंतजाम पहली ही बारिश में नाकाम साबित हुए। शहर के विभिन्न इलाकों में जलभराव और जाम के कारण लोगों को घंटों परेशानी का सामना करना पड़ा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)