कांवड़ यात्रा: सुरक्षा, ट्रैफिक और अफवाहों पर रहेगी कड़ी नजर, हरदोई-शाहजहांपुर पुलिस की संयुक्त बैठक

Tuesday, July 28, 2026 - 13:59
Updated: 3 days ago
0
कांवड़ यात्रा: सुरक्षा, ट्रैफिक और अफवाहों पर रहेगी कड़ी नजर, हरदोई-शाहजहांपुर पुलिस की संयुक्त बैठक

हरदोई। आगामी श्रावण मास, कांवड़ यात्रा एवं अन्य प्रमुख त्योहारों को सकुशल, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से सोमवार को हरदोई और शाहजहांपुर पुलिस के अधिकारियों की अंतरजनपदीय समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और दोनों जनपदों के बीच बेहतर समन्वय को लेकर विस्तृत रणनीति तैयार की गई।

पुलिस अधीक्षक हरदोई के निर्देशन में आयोजित बैठक की अध्यक्षता अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिम) मार्तण्ड प्रकाश ने की। बैठक में शाहजहांपुर के पुलिस अधीक्षक नगर (सिटी), क्षेत्राधिकारी (सिटी) अंकित चौहान, हरदोई एवं शाहजहांपुर के क्षेत्राधिकारी यातायात सहित दोनों जनपदों के अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में कांवड़ यात्रा मार्गों की सुरक्षा, रूट डायवर्जन, बैरिकेडिंग, पार्किंग, ड्यूटी प्वाइंट, भीड़ नियंत्रण, संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी, सोशल मीडिया मॉनिटरिंग तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित पुलिस रिस्पॉन्स को लेकर विस्तार से मंथन किया गया। अधिकारियों ने यात्रा मार्गों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और निर्बाध यातायात संचालन सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक तैयारियों की समीक्षा की।

अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिम) मार्तण्ड प्रकाश ने निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान दोनों जनपदों के बीच लगातार समन्वय बनाए रखा जाए। सूचना का त्वरित आदान-प्रदान सुनिश्चित करते हुए हर गतिविधि पर सतर्क निगरानी रखी जाए, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

बैठक में सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली भ्रामक एवं अफवाह फैलाने वाली सूचनाओं पर विशेष नजर रखने के निर्देश भी दिए गए। अधिकारियों ने कहा कि सुरक्षा, यातायात और श्रद्धालुओं की सुविधाओं से जुड़े सभी प्रबंध समय से पूरे किए जाएं, जिससे कांवड़ यात्रा और आगामी त्योहार शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सकें।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
Laxmi Kant Pathak

Senior Journalist | State Secretary, U.P. Working Journalists Union (Regd.)

Comments (0)

User