निराश्रित गोवंश संरक्षण योजना की समीक्षा, उत्कृष्ट केयरटेकर हुए सम्मानित
हरदोई। विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी नेहा ब्याडवाल की अध्यक्षता में निराश्रित गोवंश संरक्षण योजना के अंतर्गत संचालित मॉडल गौशालाओं, नंदी गौशालाओं, सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था, हरा चारा उत्पादन तथा 100 से कम गोवंश संख्या वाले आश्रय स्थलों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के सभी विकास खंडों की प्रगति की समीक्षा करते हुए गोवंश संरक्षण व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने विभिन्न गोवंश आश्रय स्थलों पर समर्पित भाव से उत्कृष्ट कार्य करने वाले केयरटेकर श्रीमती शांति, श्री नीरज, श्री विश्राम एवं श्री लाखन को छाता और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि इन कर्मियों ने गोवंशों की देखभाल, स्वच्छता, चारा व्यवस्था तथा आश्रय स्थलों के बेहतर संचालन में उल्लेखनीय योगदान दिया है। ऐसे कर्मचारियों का सम्मान अन्य कर्मियों को भी पूरी निष्ठा और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित करेगा।
मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिए कि प्रत्येक विकास खंड की चयनित मॉडल गौशालाओं में भूसा घर, केयरटेकर कक्ष और अन्य आवश्यक आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ किया जाए। उन्होंने नर, मादा, बछड़ों और बीमार गोवंशों का पृथक्करण अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से गोबर से गो-काष्ठ, दीपक एवं अन्य उत्पाद तैयार कर गौशालाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर दिया। साथ ही नंदी गौशालाओं में नर गोवंशों की शीघ्र शिफ्टिंग, सभी आश्रय स्थलों पर स्थापित सीसीटीवी कैमरों को 24 घंटे संचालित रखने तथा चारागाह भूमि का विस्तार कर पर्याप्त हरे चारे की बुवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में अपर मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, सभी खंड विकास अधिकारी एवं उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारियों ने प्रतिभाग किया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)