कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष का बड़ा आरोप: “अमित शाह के होटल से बुलाकर ऑब्जर्वर से कराया गया बिहार चुनाव में खेल”
बागपत (आरएनआई) कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा और चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाए हैं। बागपत में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उन्होंने दावा किया कि बिहार चुनाव के समय वह और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह एक ही होटल में ठहरे थे। आरोप है कि उसी होटल से गुजरात के एक ऑब्जर्वर को बुलाकर चुनावी “खेल” करवाया गया। अजय राय ने यह भी कहा कि चुनाव में 65 लाख वोट काटे गए थे और इसकी निष्पक्ष जांच आवश्यक है।
बड़ौत स्थित दिल्ली रोड पर कांग्रेस कार्यालय में कार्यकर्ताओं से संवाद के दौरान अजय राय ने कहा कि लोकतंत्र पर खुला हमला हो रहा है और सरकारी मशीनरी का गलत इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि थानों, ब्लॉक कार्यालयों और बिजली विभाग में दलाली का बोलबाला है, फर्जी मुकदमे दर्ज कर आम लोगों को परेशान किया जा रहा है।
राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दे पर केंद्र सरकार को घेरते हुए अजय राय ने कहा कि दिल्ली से लेकर पुलवामा, उरी और पठानकोट जैसे आतंकी हमलों तक, सरकार आज तक यह स्पष्ट नहीं कर पाई कि आरडीएक्स कहां से आया। उन्होंने कहा कि इन घटनाओं में यूपी के कई जवान शहीद हुए, लेकिन उनके परिवारों को अपेक्षित सहायता तक नहीं मिली।
किसानों के मुद्दे पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि गन्ने का ₹400 क्विंटल मूल्य केवल घोषणा भर है, जबकि किसानों को भुगतान समय पर नहीं मिल रहा और वे लगातार परेशान हैं। सोनभद्र हादसे पर उन्होंने कहा कि अवैध खनन की जिम्मेदारी सीधे सरकार पर आती है, क्योंकि घटना के समय मुख्यमंत्री स्वयं मौके पर मौजूद थे। उन्होंने मृतकों के परिजनों को ₹1 करोड़ की सहायता राशि, सरकारी नौकरी और दोषी अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।
अजय राय ने कहा कि कांग्रेस 2027 के चुनाव की तैयारी कर रही है, लेकिन अगर लोकतंत्र को बचाना है तो जनता को एकजुट होकर उनके साथ खड़ा होना होगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



