उत्तर-पश्चिम में बदला मौसम: पहाड़ों पर बर्फबारी, मैदानी इलाकों में बारिश-आंधी से गिरा पारा
नई दिल्ली (आरएनआई)। उत्तर-पश्चिम भारत में लगातार सक्रिय पश्चिमी विक्षोभों के असर से मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश की ऊंची चोटियों पर बर्फबारी हुई है, जबकि हरियाणा, राजस्थान और आसपास के मैदानी इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश दर्ज की गई, जिससे तापमान में गिरावट आई और ठंड का असर बढ़ गया।
मौसम विभाग के अनुसार, बीते 24 घंटों में कई राज्यों में 30 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं और गरज-चमक के साथ बारिश हुई। वहीं असम और मेघालय में कुछ स्थानों पर भारी वर्षा भी दर्ज की गई। पूरे सप्ताह उत्तर-पश्चिम और पूर्वोत्तर भारत में छिटपुट से लेकर व्यापक बारिश और तेज हवाओं का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।
हिमाचल प्रदेश में मौसम के बदले तेवर साफ नजर आए। रोहतांग दर्रा, लाहौल और मनाली की ऊंची चोटियों पर हिमपात हुआ, जबकि कुल्लू और चंबा में बारिश और शिमला में ओलावृष्टि दर्ज की गई। मौसम विभाग ने 26 मार्च को राज्य के कई इलाकों में बारिश, बर्फबारी और ओलावृष्टि का येलो अलर्ट जारी किया है, जबकि 27-28 मार्च को मौसम साफ रहने के आसार हैं।
दूसरी ओर जम्मू-कश्मीर के बांदीपोरा-गुरेज मार्ग पर दो बार हिमस्खलन हुआ, जिससे सड़क पूरी तरह बंद हो गई। सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) की टीमें मार्ग बहाल करने में जुटी हैं। वहीं सोनमर्ग में भारी बर्फबारी के बाद बंद हुआ जोजिला मार्ग आंशिक रूप से खोल दिया गया है।
पंजाब में भी 26 मार्च से मौसम फिर करवट लेने वाला है। मौसम विभाग ने कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है, जहां 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है, जिससे तापमान में 3-4 डिग्री तक गिरावट आएगी।
इसी बीच राजस्थान के जयपुर समेत कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। हनुमानगढ़ के भादरा में सबसे अधिक वर्षा हुई। मौसम विभाग के अनुसार, 26 और 27 मार्च को राज्य के पूर्वी और उत्तरी हिस्सों में फिर हल्की बारिश होने की संभावना है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले चार दिनों में उत्तर-पश्चिम भारत में अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी भी हो सकती है, लेकिन फिलहाल बारिश और हवाओं के चलते मौसम सुहावना बना रहेगा।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)